
तुर्किये में स्टील प्लांट बना मौत का मैदान
New Delhi: तुर्किये के इजमिर प्रांत में सोमवार को एक स्टील प्लांट में भीषण धमाका हो गया। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके के बाद प्लांट में भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। हादसा इजमिर प्रांत के अलियागा में स्थित हाबास (एचएबीएएस) आयरन एंड स्टील प्लांट में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ। घटना के बाद आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया।
इजमिर प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बान ने हादसे के शुरुआती कारणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लांट में एक बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई। इसके कारण पास की स्टील मिल में जोरदार धमाका हो गया।
गवर्नर के मुताबिक, बॉयलर बदलने के लिए उत्पादन बंद किया गया था। इसलिए हादसे के समय आसपास सामान्य तौर पर मौजूद रहने वाले 300 कर्मचारियों की जगह करीब 200 कर्मचारी थे। गवर्नर कार्यालय के अनुसार, धमाका स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे हुआ। इसके बाद प्लांट के अंदर आग तेजी से फैल गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।
तुर्किये में भीषण औद्योगिक हादसा
कैबिनेट बैठक के बाद एक टेलीवाइज्ड संबोधन में राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने बताया कि घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विस्फोट की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। राष्ट्र को गहरा दुख पहुंचाने वाली इस दुखद घटना के कारणों, परिस्थितियों और इसमें किसकी लापरवाही तथा जिम्मेदारी थी, इसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
हाबास स्टील प्लांट की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 45 लाख टन स्टील है। यह प्लांट इजमिर प्रांत के अलियागा क्षेत्र में स्थित है। अलियागा अपने बड़े बंदरगाह और पुराने जहाजों को तोड़ने के उद्योग के लिए जाना जाता है।
आलोचकों का आरोप है कि जहाज तोड़ने की गतिविधियों से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी कारण यहां के जहाज तोड़ने वाले केंद्र को यूरोपीय संघ की जहाज पुनर्चक्रण सुविधाओं की सूची से हटाने की मांग भी उठती रही है।
Location : New Delhi
Published : 10 November 2026, 2:41 AM IST