
जेरेड कुशनर ने मिस्र में की हमास से सीक्रेट डील पर बात (Img- Pinterest)
Gaza: गाजा में महीनों से जारी जंग को खत्म करने के लिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना सबसे भरोसेमंद चेहरा मैदान में उतारा है। ट्रंप के दामाद और मध्य पूर्व मामलों के दूत जेरेड कुशनर ने मिस्र की सरजमीं पर हमास के शीर्ष नेताओं से सीधी बातचीत की है।
इस मीटिंग को गाजा की भावी तस्वीर बदलने की दिशा में एक बड़ा कूटनीतिक मोड़ माना जा रहा है। बातचीत का मुख्य फोकस सीजफायर को बनाए रखना और ट्रंप के नए 'शांति रोडमैप' को अमलीजामा पहनाना है।
इस गुप्त और अहम बैठक में जेरेड कुशनर ने अमेरिकी रुख साफ करते हुए कहा कि गाजा के नागरिकों को उनकी जमीन से हटाने की किसी भी योजना का समर्थन नहीं किया जाएगा। हालांकि, गाजा के भविष्य को लेकर अमेरिका ने एक सख्त शर्त रखी है।
प्लान के मुताबिक, गाजा में हमास की सत्ता खत्म कर एक नई राष्ट्रीय प्रशासनिक समिति बनाई जाएगी। इसके बदले में हमास से अपने सभी हथियार डालने और सैन्य ढांचे को पूरी तरह खत्म करने की मांग की गई है।
बैठक के दौरान हमास नेता खलील अल-हया ने इजरायल पर सीजफायर समझौते के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया। हमास का कहना है कि उन्होंने शर्तें मानीं, लेकिन इजरायली हमले नहीं रुके।
खास बात यह रही कि इस बातचीत में सिर्फ अमेरिका और हमास ही नहीं, बल्कि मिस्र, कतर, तुर्किए के अधिकारियों के साथ ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी कुशनर के साथ टेबल पर मौजूद थे, जिससे इस प्लान को वैश्विक समर्थन मिलता दिख रहा है।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ट्रंप के इस रोडमैप पर खुलकर ऐतराज जता चुके हैं। दूसरी ओर, हमास ने साफ किया है कि वह ट्रंप प्लान के दूसरे चरण को लागू करने के लिए तैयार है, बशर्ते मध्यस्थ देश इजरायल पर सीजफायर का पालन करने का दबाव बनाएं। अब देखना यह होगा कि कुशनर का यह कूटनीतिक दांव गाजा में बंदूकें खामोश करवा पाता है या नहीं।
Location : Gaza
Published : 17 August 2026, 9:48 AM IST