टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 7 विकेट से मात देते हुए टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की। 157 रनों के लक्ष्य को टीम ने 12 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। ऑलराउंडर बास डे लीडे ने 72 रन की नाबाद पारी और 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जिससे नीदरलैंड अंक तालिका में पाकिस्तान से आगे निकल गया।

नामीबिया को 7 विकेट से हराया (Image Source: Google)
New Delhi: T20 World Cup 2026 के 10वें मुकाबले में नीदरलैंड ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 7 विकेट से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड ने न सिर्फ टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज की, बल्कि अंक तालिका में पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान भी हासिल कर लिया। इस जीत के नायक रहे ऑलराउंडर बास डे लीडे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख पलट दिया।
टॉस जीतकर नीदरलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। नामीबिया की टीम शुरुआत से ही रन गति बढ़ाने में संघर्ष करती नजर आई। मध्यक्रम में विकेट गिरने से दबाव और बढ़ गया। अंत में नामीबिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 156 रन बनाए।
T20 World Cup 2026: PAK vs USA, क्या अमेरिका फिर रचेगा पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास?
नामीबिया की ओर से निकोल लॉफ्टी ने 42 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। नीदरलैंड की ओर से गेंदबाजी की खास बात यह रही कि टीम के 8 खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की और किसी भी गेंदबाज ने अपने पूरे 4 ओवर नहीं फेंके। बास डे लीडे और लोगन वैन बीक ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि आर्यन दत्त और फ्रेड क्लासेन को 1-1 सफलता मिली।
157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर में मैक्स ओ’डॉड सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 46 के स्कोर पर माइकल लेविट भी पवेलियन लौट गए, जिन्होंने 15 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेली।
यहां से बास डे लीडे और कॉलिन एकरमैन ने पारी को संभाला और दोनों के बीच 70 रन की अहम साझेदारी हुई। एकरमैन ने 28 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि बास डे लीडे अंत तक टिके रहे और 48 गेंदों में 4 छक्के व 5 चौकों की मदद से नाबाद 72 रन बनाए।
अंत में कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने ताबड़तोड़ अंदाज में 9 गेंदों पर 18 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और एक चौका शामिल था। उनकी इस तेज पारी की बदौलत नीदरलैंड ने 12 गेंद पहले ही मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ ग्रुप ए की अंक तालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिला जिसमें भारत 2 अंकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि नीदरलैंड बेहतर नेट रन रेट के चलते दूसरे स्थान पर पहुंच गया और पाकिस्तान खिसककर तीसरे नंबर पर आ गया है।