
ब्रिटिश प्रिंस विलियम ने मुंबई में गली क्रिकेट खेला(img: X)
New Delhi: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन तीन दिन के लिए भारत दौरे पर हैं। आज सोमवार को वो दोनों मुंबई पहुंचे हैं, जहां भारत के पूर्व सलामी बल्लेलाज सचिन तेंदुलकर ने दोनों का स्वागत किया। इस दौरान केट और विलियम ने मुंबई के बल्लार्ड एस्टेट में गली क्रिकेट भी खेला। अपने तीन दिन के इस दौरे के दौरान 17 नवंबर को होने वाले अर्थशॉट प्राइज समारोह में भी दोनों शामिल होंगे। इसके अगले ही दिन यानी 18 नवंबर को वे दिल्ली जाएंगे, जहां दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
गौरतबल है कि प्रिंस विलियम और केट का यह दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है। इससे पहले अप्रैल 2016 में दोनों भारत आए थे। आज मुंबई दौरे के दौरान प्रिंस विलियम और केट मिडलटन शहर की मेट्रो में भी सफर करेंगे। जिसके बाद केट एक अस्पताल भी जाएंगी। इस दौरान दोनों मुंबई के लोगों से मिलेंगे और शहर में पर्यावरण बचाने और नई तकनीक से जुड़े कामों के बारे में जानेंगे।
दोनों मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से भी मिलेंगे। इस दौरान क्रिकेट, फैशन और सिनेमा के माध्यम से भारत-ब्रिटेन के सांस्कृतिक रिश्तों को प्रदर्शित किया जाएगा।
सचिन ने किया स्वागत(img: X)
प्रिंस विलियम ने करीब छह साल पहले अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के समाधान खोजने वाले लोगों, संस्थाओं और संगठनों को प्रोत्साहित करना है। इस पुरस्कार के तहत हर साल पांच विजेताओं का चयन किया जाता है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
इस साल 17 नवंबर को मुंबई में अर्थशॉट प्राइज का छठा समारोह आयोजित किया जाएगा। केंसिंग्टन पैलेस के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसके लिए भारत के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों तक कार्यक्रम पहुंचाया गया है।
पुरस्कार समारोह से पहले प्रिंस विलियम अर्थशॉट प्राइज के फाइनलिस्ट से मुलाकात करेंगे। इस साल भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी भी फाइनलिस्ट की सूची में शामिल है। कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बनाने के क्षेत्र में काम करती है।
इस बार समारोह में पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड भी आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 9 से 17 साल तक के बच्चों के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों और प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा। बच्चों को अपने आसपास मौजूद पर्यावरण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया था।
मुंबई में होने वाले अर्थशॉट प्राइज समारोह में खेल, फिल्म और संगीत जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रामी मालेक इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। फिल्ममेकर करण जौहर इस समारोह को होस्ट करेंगे। वहीं गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटिश बैंड टेक दैट के साथ प्रस्तुति देंगी। यह बैंड पहली बार भारत में परफॉर्म करेगा।
इसके अलावा मुंबई की संगीतकार मर्लिन डी'सूजा के नेतृत्व में अर्थशॉट ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति देगा। भारत का पहला ऑल-फीमेल हिप-हॉप ग्रुप वाइल्ड वाइल्ड वुमन भी अपनी परफॉर्मेंस से कार्यक्रम में रंग जमाएगा।
प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन मुंबई पहुंचे(img: X)
अर्थशॉट प्राइज के मुताबिक, अब तक भारत से सबसे अधिक विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए हैं। यह पुरस्कार पर्यावरण से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियों के समाधान को प्रोत्साहित करता है। इनमें जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण, समुद्रों का संरक्षण और प्रकृति एवं जैव विविधता की रक्षा शामिल है।
अर्थशॉट प्राइज के CEO जेसन नॉफ ने कहा कि मुंबई में होने वाला समारोह भारत के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों, नई सोच और संस्कृति को वैश्विक मंच पर सामने लाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस बार पुरस्कार समारोह में अब तक का सबसे बड़ा स्कूल कार्यक्रम और कई विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
मुंबई में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद प्रिंस विलियम और केट मिडलटन 18 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। जहां दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में भारत और ब्रिटेन के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
ब्रिटेन के कार्यवाहक हाई कमिश्नर ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के लोगों के बीच पुराने रिश्तों को मजबूत करने का मौका है। भारत और ब्रिटेन टेक्नोलॉजी, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं।
Location : mumbai
Published : 16 November 2026, 12:32 PM IST