
Osama Bin Laden (Image: Pinterest)
New Delhi: आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन की साजिशों का एक ऐसा राज सामने आया है, जो 9/11 हमले से भी पहले की उसकी खतरनाक सोच को सामने लाया है। अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA की हाल ही में सार्वजनिक की गई एक रिपोर्ट से पता चला है कि अल-कायदा प्रमुख भारत को भी आतंकी हमले के संभावित निशाने के तौर पर देख रहा था। हालांकि, दस्तावेज में भारत के किसी खास शहर, इमारत या हमले की तारीख का जिक्र नहीं है।
28 अगस्त 1998 की CIA रिपोर्ट का शीर्षक था ‘बिन लादेन का आतंकी नेटवर्क अब भी खतरा’। इसमें बताया गया था कि बिन लादेन भारत समेत कई देशों में हमले कराने की योजना बनाने की क्षमता रखता था। रिपोर्ट में भारत, पाकिस्तान, मिस्र, कुवैत, सऊदी अरब, यमन और युगांडा का नाम सामने आया है। नाइजीरिया को भी संभावित निशाने के तौर पर बताया गया था। दस्तावेज में भारत को लेकर कोई खास ऑपरेशन, स्थान या तारीख सामने नहीं आती। रिपोर्ट के कुछ हिस्से अब भी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। साथ ही, CIA ने यह भी नहीं बताया है कि इस खुफिया जानकारी का मूल स्रोत क्या था।
रिपोर्ट के मुताबिक, बिन लादेन का नेटवर्क सिर्फ अफगानिस्तान या आसपास के देशों तक सीमित नहीं था। उसके संपर्क कम से कम 60 देशों में मौजूद थे। CIA का आकलन था कि वह अपने नेटवर्क और दूसरे आतंकी संगठनों की मदद से अलग-अलग देशों में हमले करा सकता था। अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बावजूद अल-कायदा के सदस्यों के बीच संपर्क बना हुआ था। रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया था कि संगठन ने कुछ ट्रेनिंग कैंप दोबारा शुरू किए थे, जबकि कुछ कैंपों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा था।
सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में 1998 से 2001 के बीच की कई खुफिया रिपोर्ट शामिल हैं। इनमें बिल क्लिंटन के राष्ट्रपति कार्यकाल से लेकर जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के शुरुआती कार्यकाल तक की जानकारी मौजूद है। इससे साफ होता है कि 9/11 से पहले ही अमेरिकी खुफिया एजेंसियां बिन लादेन और अल-कायदा के बढ़ते खतरे को लेकर लगातार चेतावनी दे रही थीं।
11 सितंबर 2001 को अल-कायदा के 19 आतंकियों ने चार यात्री विमानों को हाईजैक कर अमेरिका में सबसे बड़ा आतंकी हमला किया। दो विमान न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की ट्विन टावर्स से टकराए, जबकि तीसरा विमान पेंटागन से टकराया। चौथा विमान पेंसिल्वेनिया में गिर गया। इस हमले में करीब 3 हजार लोगों की जान गई। इसके बाद अमेरिका ने अल-कायदा और बिन लादेन के खिलाफ व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया और अक्टूबर 2001 में अफगानिस्तान में कार्रवाई की। 9/11 के बाद पूरी दुनिया में एयरपोर्ट सिक्योरिटी और आतंकवाद से निपटने की रणनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले।
Location : New Delhi
Published : 13 September 2026, 12:36 PM IST