Operation Sindoor: भारत का बढ़ता प्रभाव रोकने के लिए चीन ने पाकिस्तान को दी सैन्य मदद: अमेरिकी पैनल की रिपोर्ट

अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी सहायता देकर भारत के खिलाफ अपनी रणनीति को आगे बढ़ाया। रिपोर्ट में भारत की बढ़ती ताकत को रोकने के लिए चीन की कोशिशों पर चिंता जताई गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 10:53 AM IST

New Delhi: अमेरिकी कांग्रेस के पैनल की 2026 रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को सैन्य व तकनीकी मदद देकर भारत के खिलाफ रणनीति साधी। रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग एशिया में शक्ति संतुलन बिगाड़ने के लिए भारत के बढ़ते सैन्य और आर्थिक उभार को रोकने की कोशिश कर रहा है।

भारत के उभार को रोकना चाहता है चीन

अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग की 2026 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन भारत की बढ़ती सैन्य और आर्थिक ताकत को अपने लिए चुनौती मानता है। रिपोर्ट के मुताबिक, बीजिंग भारत का प्रभाव कम करने के लिए सैन्य दबाव और औद्योगिक आपूर्ति पर नियंत्रण जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर रहा है। अमेरिकी पैनल ने भारत को एशिया की एक महत्वपूर्ण ताकत बताया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्र में शक्ति संतुलन बनाए रखने के लिए मजबूत भारत का होना जरूरी है।

ये भी पढ़ें: Nikhil Gupta Case: पन्नू की हत्या की साजिश में आज सजा, अमेरिकी कोर्ट 24 साल जेल भेजेगी या मिलेगी राहत?

ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को मिली मदद

रिपोर्ट में मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष का भी जिक्र किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने चीनी हथियारों के साथ तकनीकी सहायता का भी इस्तेमाल किया था।

रिपोर्ट के अनुसार, चीनी इंजीनियर झांग हेंग ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह उस टीम का हिस्सा थे, जो संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना को तकनीकी मदद दे रही थी। अमेरिकी पैनल का मानना है कि इससे पता चलता है कि चीन सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना भी पाकिस्तान की सैन्य क्षमता बढ़ा सकता है।

ऑपरेशन सिंदूर (Img: Pinterest)

दक्षिण एशिया में बढ़ा रहा अपना प्रभाव

अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन दक्षिण एशिया के छोटे देशों को बड़े कर्ज और आर्थिक सहायता देकर अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। इससे क्षेत्र में भारत की स्थिति प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट ने पाकिस्तान और चीन की बढ़ती सैन्य साझेदारी को भारत के लिए दो मोर्चों पर सुरक्षा चुनौती भी बताया है।

ये भी पढ़ें: बहरीन में अमेरिकी रडार पर हमला, भड़का अमेरिका! ईरान के मिसाइल ठिकाने पर बरसाईं मिसाइलें

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। इस दौरान पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच करीब 88 घंटे तक सैन्य तनाव रहा। 10 मई को पाकिस्तान के अनुरोध के बाद युद्धविराम हुआ। अमेरिकी पैनल की यह रिपोर्ट भारत-चीन संबंधों और दक्षिण एशिया की सुरक्षा स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ती है।

Location :  New Delhi

Published :  22 November 2026, 10:53 AM IST