न कोई वेबसाइट, न बड़ा स्टाफ; फिर भी एक दिन में 2.3 अरब डॉलर बढ़ी इस फाउंडेशन की संपत्ति

एनवीडिया के शेयरों में जबरदस्त तेजी का फायदा जेनसन हुआंग और उनकी पत्नी लॉरी हुआंग के धर्मार्थ फाउंडेशन को भी मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही दिन में फाउंडेशन की संपत्ति करीब 2.3 अरब डॉलर बढ़ गई। साल 2007 में शुरू हुआ यह फाउंडेशन आज अमेरिका की सबसे बड़ी निजी धर्मार्थ संस्थाओं में शामिल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 November 2026, 12:12 PM IST

New Delhi: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी ने शेयर बाजार में हलचल मचा दी है। कंपनी के निवेशकों के साथ उनकी पत्नी लॉरी हुआंग के नेतृत्व वाले धर्मार्थ फाउंडेशन को भी बड़ा फायदा हुआ है। सोमवार यानी 23 नवंबर को एनवीडिया ने अपने सह-संस्थापक जेनसन हुआंग को दोबारा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया। इसके बाद कंपनी के शेयरों में आई जबरदस्त तेजी से हुआंग फाउंडेशन की हिस्सेदारी का मूल्य एक ही दिन में करीब 2.3 अरब डॉलर बढ़ गया।

आखिर एक दिन में कैसे बढ़ी इतनी संपत्ति?

एनवीडिया के वर्ष 2026 के आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, हुआंग फाउंडेशन के पास कंपनी के करीब 5.9 करोड़ शेयर हैं। फॉर्च्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जेनसन हुआंग की वापसी के बाद एनवीडिया के शेयर 30 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 165.05 डॉलर पर बंद हुए।

शेयरों में इस तेजी के चलते फाउंडेशन की एनवीडिया में हिस्सेदारी का मूल्य करीब 9.7 अरब डॉलर पहुंच गया। शुक्रवार के मुकाबले सोमवार को इसमें करीब 2.3 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यह वास्तविक नकद कमाई नहीं, बल्कि शेयरों के बाजार मूल्य में हुई वृद्धि है।

एनवीडिया के शेयरों ने लगाई लंबी छलांग (Img X)

2007 में हुई थी हुआंग फाउंडेशन की शुरुआत

जेनसन हुआंग और उनकी पत्नी लॉरी हुआंग ने वर्ष 2007 में इस धर्मार्थ संस्था की स्थापना की थी। शुरुआत में दंपती ने एनवीडिया के 3.70 लाख शेयर फाउंडेशन को दिए थे। उस समय इनकी कीमत करीब 1.26 करोड़ डॉलर थी।

फाउंडेशन की संपत्ति वर्ष 2020 के अंत में 82.8 करोड़ डॉलर थी, जो 2024 के अंत तक बढ़कर 9.2 अरब डॉलर हो गई। जून 2025 में भी हुआंग दंपती के लिविंग ट्रस्ट ने करीब छह करोड़ डॉलर मूल्य के शेयर फाउंडेशन को दान किए थे।

लॉरी हुआंग वर्ष 2014 से फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं, जबकि जेनसन इसके सचिव और मुख्य वित्तीय अधिकारी हैं। खास बात यह है कि अमेरिका के 15 सबसे बड़े निजी फाउंडेशन में शामिल इस संस्था की अपनी वेबसाइट तक नहीं है।

कहां खर्च होती है फाउंडेशन की दौलत?

हुआंग फाउंडेशन शिक्षा, कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं को आर्थिक सहायता देता है। वर्ष 2022 में ओरेगन राज्य विश्वविद्यालय को पांच करोड़ डॉलर और 2025 में कैलिफोर्निया कॉलेज ऑफ द आर्ट्स को 2.25 करोड़ डॉलर दिए गए थे।

इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को ओपेरा को हर साल 50 लाख डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई गई थी। जुलाई 2026 में वेंडरबिल्ट विश्वविद्यालय के कला, वास्तुकला और डिजाइन से जुड़े नए कॉलेज के लिए भी 7.5 करोड़ डॉलर की सहायता की घोषणा की गई।

जेनसन और लॉरी की मुलाकात ओरेगन राज्य विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने 1985 में शादी की। इसके आठ साल बाद 1993 में जेनसन हुआंग ने क्रिस मालाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर एनवीडिया की स्थापना की थी।

Location :  New Delhi

Published :  29 November 2026, 12:12 PM IST