मध्य पूर्व में तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर आई है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारत के दो एलपीजी टैंकरों को गुजरने की अनुमति दे दी है। इससे देश में गैस आपूर्ति को लेकर बनी चिंता कम होने की उम्मीद है। सरकार ने लोगों से घबराकर सिलेंडर बुकिंग न करने की अपील की है।

होर्मुज स्ट्रेट ने 2 LPG टैंकरों को दी मंजूरी (Image Source: Google)
New Delhi: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और समुद्री मार्गों पर अनिश्चितता के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक ईरान ने भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से दो एलपीजी टैंकरों को गुजरने की अनुमति दे दी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है। हाल के दिनों में क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण इस मार्ग से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कई देशों में चिंता बढ़ गई थी।
ऐसे समय में ईरान का यह फैसला भारत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर बनी आशंकाओं को काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने पहले ही संकेत दिया था कि भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान भारत को इस मार्ग से सुरक्षित आवाजाही की अनुमति देगा, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया।
अमेरिका का बड़ा ऐलान: मोजतबा खामेनेई पर 1 करोड़ डॉलर का इनाम, कई अधिकारी भी रडार में…
उन्होंने कहा कि भारत ईरान का मित्र देश है और दोनों देशों के इस क्षेत्र में साझा हित हैं। फतहाली ने भरोसा दिलाया कि ईरान इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है। उनके इस बयान के कुछ ही समय बाद दो एलपीजी टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति मिलने की खबर सामने आई, जिसे भारत के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
इधर भारत के कई राज्यों में एलपीजी सिलेंडर की कमी की आशंका के चलते लोग गैस एजेंसियों पर कतारों में खड़े दिखाई दिए। हालांकि केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में गैस सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 मार्च से अब तक घरेलू एलपीजी उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि देशभर में मौजूद 25 हजार से अधिक वितरकों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
भारत के लिए बड़ी राहत: LPG लेकर शिवालिक ने पार किया होर्मुज, एक और टैंकर को मिली मंजूरी
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर सिलेंडर की बुकिंग न करें। अधिकारियों का कहना है कि ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज स्ट्रेट से टैंकरों को मिली अनुमति से भारत में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति स्थिर बनी रहेगी और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।