हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
New Delhi: इटली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो भारतीय नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात उत्तरी इटली के बर्गोमो प्रांत के कोवो इलाके में शुक्रवार रात को हुई। घटना के बाद भारतीय समुदाय में डर और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक एक वेयरहाउस से बाहर निकल रहे थे, जिसे धार्मिक गतिविधियों और वैसाखी समारोह के दौरान सभा स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। यह स्थान गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी के पास स्थित है। इसी दौरान अचानक एक हमलावर वहां पहुंचा और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह, जो कोवो में रह रहे थे, और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह, जो अग्नाडेलो के निवासी थे, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद कार से मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 खाली कारतूस मिले हैं, जिससे साफ है कि हमलावर ने कई राउंड फायरिंग की। शुरुआती जांच में इसे अचानक हुई झड़प नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या माना जा रहा है। जांच एजेंसियां हमले के पीछे की वजह और साजिश के एंगल को खंगाल रही हैं।
एक चौंकाने वाली जानकारी यह भी सामने आई है कि हमलावर भी भारतीय मूल का बताया जा रहा है और वह भी उसी गुरुद्वारे में आता-जाता था। इस एंगल से जांच और भी संवेदनशील हो गई है, क्योंकि यह मामला आपसी रंजिश या समुदाय के भीतर विवाद से जुड़ा हो सकता है।
घटना के बाद स्थानीय भारतीय समुदाय में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 19 April 2026, 1:23 PM IST