मक्का की मस्जिद में ऐसा क्या हुआ कि सऊदी अरब ने दो बांग्लादेशियों को दी मौत की सजा? ढाका में मचा बवाल

सऊदी अरब में दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने के बाद बांग्लादेश में नाराजगी बढ़ गई है। मामला मक्का की एक मस्जिद में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक हरकत से जुड़ा है

Updated : 21 October 2026, 6:09 PM IST
google-preferred

New Delhi: सऊदी अरब में दो बांग्लादेशी नागरिकों को मौत की सजा दिए जाने के बाद बांग्लादेश में नाराजगी बढ़ गई है। मामला मक्का की एक मस्जिद में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक हरकत से जुड़ा है। सऊदी अधिकारियों ने दोनों को दोषी ठहराए जाने और 14 अक्टूबर 2026 को सजा लागू किए जाने की जानकारी दी। लेकिन इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दोनों ने ऐसा क्या किया था, जिसके लिए उन्हें मौत की सजा दी गई? इस बारे में सऊदी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

कौन हैं मौत की सजा पाने वाले दोनों बांग्लादेशी नागरिक?

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों की पहचान नजमुल इस्लाम अब्दुल बशीर और सिति अख्तर के रूप में बताई गई है। कुछ रिपोर्टों में महिला का नाम स्वीटी अख्तर भी लिखा गया है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के अनुसार, दोनों को मक्का की एक मस्जिद में कथित तौर पर अनुचित कृत्य करने के मामले में दोषी ठहराया गया था।

हालांकि, दोनों के बीच संबंध को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। सोशल मीडिया पर उन्हें पति-पत्नी और नवविवाहित जोड़े के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन उपलब्ध रिपोर्टों में इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। नजमुल के परिवार की ओर से भी महिला को उसकी पत्नी मानने से इनकार किए जाने की खबरें आई हैं।

क्या सिर्फ किस करने पर दी गई मौत की सजा?

इस मामले ने सोशल मीडिया पर इसलिए भी तूल पकड़ा है, क्योंकि कई पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि दोनों को मक्का की मस्जिद में किस करने के कारण मौत की सजा दी गई। कुछ पोस्ट में महिला को गर्भवती बताते हुए यह भी दावा किया गया कि पुरुष ने उसके पेट को चूमा था।

लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अधिकारियों ने अपने आधिकारिक बयान में कथित कृत्य को अनुचित बताया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि वास्तव में दोनों ने क्या किया था। इसलिए यह कहना कि उन्हें केवल किस करने के कारण मौत की सजा दी गई, फिलहाल उपलब्ध तथ्यों से साबित नहीं होता।

Location :  New Delhi

Published :  21 October 2026, 6:09 PM IST

Advertisement