
अस्पताल में नेतन्याहू ने फोन कर जाना हाल (Source: X)
Jerusalem News: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में जानलेवा हमले को अपनी सूझबूझ और हिम्मत से नाकाम करने वाले भारतीय पायलट Captain Smit Machhar की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। उनकी बहादुरी से प्रभावित होकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें ‘दुनिया का हीरो’ बताया है। नेतन्याहू ने Captain Smit Machhar और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है।
इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल Captain Smit Machhar अस्पताल में भर्ती हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को उनसे फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान पायलट ने फ्लाइट में हुए हमले की पूरी जानकारी साझा की।
बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से इजरायल के लिए रवाना हुई थी। विमान में 174 यात्री सवार थे। इसी दौरान ओमान के नागरिक हमाम अल-हम्मामी पर कॉकपिट में हमला करने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश करने का आरोप लगा।
Captain Smit Machhar ने नेतन्याहू को बताया कि घटना से कुछ समय पहले को-पायलट ने दुआ करने की इच्छा जताई थी। Captain Smit Machhar ने सम्मान में सामने की ओर देखना शुरू कर दिया और को-पायलट दुआ करने लगा।
इसके बाद कथित तौर पर उनके सिर के पीछे हमला किया गया। शुरुआती हमलों में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी नजर भी धुंधली होने लगी। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। बाद में उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिससे विमान को संभालने में मदद मिली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमाम अल-हम्मामी पहले ओमान एयर में पायलट की ट्रेनिंग ले रहा था। वहां कथित तौर पर उसके कट्टरपंथी वेबसाइट्स देखने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद उसे उड़ान से हटाकर डेस्क जॉब दिए जाने की बात कही गई।
बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और दुबई में फ्लाईदुबई से जुड़ गया। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फ्लाईदुबई में नौकरी के दौरान उसके बैकग्राउंड की दोबारा वेरिफिकेशन नहीं कराई गई।
अमेरिका का बड़ा एक्शन, तय सीमा से ज्यादा रुके ईरानी राजनयिकों को न्यूयॉर्क से निकाला बाहर!
इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस घटना में सुरक्षा चूक की बात स्वीकार की है। उनके मुताबिक, आमतौर पर ऐसे देशों के पायलटों को इजरायल जाने वाली उड़ानों की अनुमति नहीं होती, जिनके इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं।
ओमान के इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में इस फ्लाइट में को-पायलट की तैनाती को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमाम अल-हम्मामी का जन्म UAE में हुआ था। उसकी मां सीरियाई और पिता ओमानी बताए गए हैं। उसके पास दोहरी नागरिकता या UAE के वैध दस्तावेज होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल Captain Smit Machhar अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी बहादुरी के बाद अब इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनके विशेष आमंत्रण की भी चर्चा हो रही है।
Location : New Delhi
Published : 4 October 2026, 9:38 AM IST