
कनाडा में खूनी खेल, दो भारतीयों को उतारा मौत के घाट (सांकेतिक फोटो)
New Delhi: कनाडा में सरे शहर स्थित एक वॉलमार्ट के बाहर दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या की गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस गोलीबारी को सोची-समझी यानी 'टारगेटेड' वारदात करार दिया, जिसके तार संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है। दोनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
न्यूज रपटों के अनुसार यह घटना 15 नवंबर की रात वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई थी। अंधाधुंध गोलीबारी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा। पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत पहले भी हथियारों से जुड़े मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में रहा था। वहीं, सुखजीत के कनाडा में बहुत कम लोगों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
जांच टीम के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10:51 बजे घटनास्थल के पास ही एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस का मानना है कि यह जली हुई गाड़ी संदिग्ध हमलावरों की ही थी और इसका सीधा संबंध इस गोलीबारी से है।
पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि शुरुआती जांच में इस वारदात का संबंध संगठित अपराध से जुड़ा दिखाई दे रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने दोनों को किस वजह से निशाना बनाया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला दो परिवारों के लिए बड़ा दुख लेकर आया है और इसमें दो लोगों की जान चली गई।
Location : New Delhi
Published : 21 November 2026, 8:06 PM IST