बांग्लादेशी मीडिया का बड़ा दावा: कुरीग्राम सीमा पर BSF की गोलीबारी से दो भारतीय घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

बांग्लादेशी मीडिया 'प्रोथोम आलो' का दावा है कि कुरीग्राम बॉर्डर पर बीएसएफ की गोलीबारी में दो भारतीय नागरिक घायल होकर सीमा पार पहुंचे। रंगपुर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है और अवैध प्रवेश का मामला दर्ज किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 October 2026, 9:13 AM IST

New Delhi: भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर तनाव और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। बांग्लादेशी अखबार 'प्रोथोम आलो' की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत की सीमा सुरक्षा बल (BSF) द्वारा कथित रूप से चलाई गई गोली में असम के रहने वाले दो भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दावा किया गया है कि गोलीबारी के बाद घायल हालत में ये दोनों नागरिक बांग्लादेशी सीमा में दाखिल हो गए, जहां से उन्हें डिटेक्टिव ब्रांच (DB) की पुलिस ने हिरासत में लेकर रंगपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।

कौन हैं दोनों घायल नागरिक? पुलिस कस्टडी में चल रहा इलाज

रिपोर्ट के मुताबिक, घायलों की पहचान असम के सिंगमारी जिले के भोरामारा गांव निवासी 35 वर्षीय इस्माइल हुसैन और 39 वर्षीय अब्दुल अनीस उर्फ ख्वाजा के रूप में हुई है। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन डिटेक्टिव ब्रांच के अधिकारियों ने शहर के एक निजी क्लिनिक से दोनों को अपने कब्जे में लिया और सोमवार तड़के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

पाकिस्तान ने 6 विकेट से बांग्लादेश को रौंदा: एशियन गेम्स के फाइनल में मारी एंट्री, गोल्ड मेडल पर नजर

डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है, जबकि बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। हालांकि, भारतीय मीडिया या अधिकारियों ने अभी तक स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं की है।

मवेशी लाने के दौरान हुआ हादसा

रंगपुर पुलिस के अनुसार, यह घटना कुरीग्राम जिले के उलिपुर स्थित साहेबर अल्गा यूनियन के दाइखावा सीमा के पास घटी। बांग्लादेशी पुलिस का कहना है कि दोनों भारतीय नागरिक रविवार को सीमा पार से मवेशी लाते समय अचानक बांग्लादेशी क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।

इसी दौरान BSF जवानों ने उन पर शॉटगन से फायर कर दिया, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय मछुआरों/नाविकों द्वारा बचाए जाने के बाद वे निजी अस्पताल पहुंचे थे। इस मामले में अब कोतवाली पुलिस स्टेशन में अवैध घुसपैठ का केस दर्ज किया गया है।

PUBG से शुरू हुई दोस्ती, प्यार तक पहुंची कहानी; लखनऊ में बांग्लादेशी युवक ने ऐसे बनवा लिए भारतीय दस्तावेज

दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच जांच जारी

इस पूरी घटना के बाद भारत और बांग्लादेश की सीमा पर चौकसी और ज्यादा सख्त कर दी गई है। एक तरफ जहां बांग्लादेश की बॉर्डर गार्ड (BGB) इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, वहीं भारतीय एजेंसियां भी मामले की सच्चाई का पता लगाने में जुटी हैं।

अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों ने अपने वतन भारत वापस लौटने की गुहार लगाई है। फिलहाल दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग और कूटनीतिक बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  6 October 2026, 9:13 AM IST