
भारत के खिलाफ ISI की नई साजिश! (IMG: Dynamite News)
New Delhi: भारत के खिलाफ पाकिस्तान एक बार फिर नया दांव खेलने की तैयारी में है। इस बार निशाने पर हैं विदेशों में रहने वाले सिख प्रवासी और कश्मीर के मुद्दे पर सक्रिय दबाव समूह। आरोप है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत के खिलाफ खालिस्तान और कश्मीर के मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हवा देने के लिए एक साल का खास प्लान तैयार कर रही है। इसके तहत अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में रहने वाले सिखों को पाकिस्तान बुलाने की तैयारी है। इतना ही नहीं, इन लोगों को विशेष वीजा, ग्रीन चैनल और स्मार्ट-गेट इमिग्रेशन जैसी सुविधाएं देने की योजना भी सामने आई है।
पाकिस्तान की रणनीति को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस्लामाबाद अगले एक साल में भारत के खिलाफ अपने दुष्प्रचार अभियान को बड़े स्तर पर ले जाना चाहता है। इसके लिए विदेशों में सक्रिय सिख प्रवासियों और कश्मीर से जुड़े दबाव समूहों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने इस काम के लिए विदेशों में मौजूद अपने संपर्कों पर निवेश बढ़ाना शुरू कर दिया है। उसकी कोशिश है कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में रहने वाले सिखों को पाकिस्तान बुलाया जाए। इसके साथ ही कश्मीर के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आवाज उठाने वाले लोगों को भी आमंत्रित किया जाए।
इस पूरी रणनीति में सबसे अहम बात यह है कि पाकिस्तान इन लोगों को गुप्त तरीके से नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपने यहां बुलाना चाहता है। खुफिया ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस्लामाबाद ऐसा रोडमैप तैयार कर रहा है, जिससे विदेशों में सक्रिय लोगों को आधिकारिक तरीके से पाकिस्तान आने का मौका दिया जा सके।
ISRO का बड़ा मिशन आज रात! NVS-03 से मजबूत होगा NavIC, चीन-पाकिस्तान सीमा पर भी मिलेगी मदद
पाकिस्तान की इस योजना में फिलहाल कश्मीर से जुड़े दबाव समूहों को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे लोगों को पाकिस्तान बुलाने की तैयारी है, जो पहले से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाते रहे हैं। इसके साथ ही विदेशों में रहने वाले सिख प्रवासियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इन बैठकों में पंजाब और कश्मीर से जुड़े कथित मानवाधिकार उल्लंघन के मुद्दे उठाए जाने की योजना है।
इस पूरे घटनाक्रम के पीछे करतारपुर कॉरिडोर का मुद्दा भी अहम माना जा रहा है। भारत की ओर से कॉरिडोर को फिलहाल निलंबित किए जाने के बाद भारतीय तीर्थयात्री पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब तक नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान की नजर अब अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में रहने वाले सिख प्रवासियों पर है। पाकिस्तान चाहता है कि विदेशों में रहने वाले सिखों को अपने यहां बुलाकर धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएं और उनके साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
पाकिस्तान की कथित रणनीति सिर्फ सीधे अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन से लोगों को बुलाने तक सीमित नहीं है। जानकारी के मुताबिक, दुबई, कोलंबो, कुआलालंपुर और इस्तांबुल के रास्ते भी सिख प्रवासियों और कश्मीर समर्थक कार्यकर्ताओं को पाकिस्तान लाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए विशेष इमिग्रेशन इंतजाम किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान इन मेहमानों को स्मार्ट-गेट इमिग्रेशन सुविधा, विशेष ई-वीजा और अलग ग्रीन चैनल जैसी सुविधाएं दे सकता है।
इस कथित योजना का एक अहम पहलू पंजाब की राजनीति से भी जुड़ा हुआ है। पाकिस्तान का ध्यान विदेशों में रहने वाले उन सिखों पर बताया जा रहा है, जो पंजाब से संबंध रखते हैं और 2027 के विधानसभा चुनावों में मतदान करने के पात्र होंगे। योजना के तहत विदेशों में रहने वाले सिखों को पाकिस्तान बुलाकर धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने और कार्यक्रमों में शामिल करने की तैयारी है।
Location : New Delhi
Published : 14 November 2026, 6:21 PM IST
Topics : India Pakistan relations Khalistan Issue Pakistan Conspiracy Pakistan ISI Punjab Politics 2027