शत्रुघ्न सिन्हा और ऋतिक के बाद सोनाक्षी सिन्हा भी उतरीं सोनम वांगचुक के समर्थन में, प्रदर्शनकारियों से की ये अपील

सोनम वांगचुक के समर्थन में एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने संसद मार्च से पहले समर्थकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। आइए जानते हैं एक्ट्रेस ने आगे क्या कहा...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 19 July 2026, 1:22 PM IST

New Delhi: दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने शनिवार को सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जो पिछले तीन हफ्तों से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर थे। इस कार्रवाई पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी रिएक्शन्स आईं। अब एक्ट्रेस Sonakshi Sinha ने भी अपनी राय रखी है और वांगचुक को अपना समर्थन दिया है।

शांतिपूर्ण विरोध सबसे बड़ी ताकत

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए Sonakshi Sinha ने कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई मंजूर नहीं है। उन्होंने राहत जताई कि वांगचुक की सेहत ठीक है और उनकी पत्नी उनके साथ हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि वह कई दिनों से इस आंदोलन पर नजर रख रही थीं और इस बात से प्रभावित थीं कि कैसे प्रदर्शनकारियों ने शांति और संयम बनाए रखते हुए अपनी बात रखी।

युवाओं के जज्बे की तारीफ

अपने वीडियो मैसेज में सोनाक्षी ने आंदोलन में शामिल युवाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह देखना प्रेरणादायक है कि कैसे लोग कई चुनौतियों और मुश्किलों के बावजूद अपने विचारों पर अडिग रहते हैं। उनके अनुसार देश की असली ताकत युवाओं में है और इस आंदोलन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है।

ये भी पढ़ें - CJP Protest: गंभीर स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त अभिजीत दिपके के सामने आई कई चुनौतियां; कैसे चलेगी भूख हड़ताल…?

संसद मार्च से पहले समर्थकों से अपील

20 जुलाई को होने वाले संसद मार्च से पहले, एक्ट्रेस ने वांगचुक के समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की। ​​उन्होंने जोर दिया कि आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत शांति, एकता और सम्मान है। लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और सवाल पूछने का अधिकार है; इसलिए विरोध प्रदर्शन अहिंसक और गरिमापूर्ण तरीके से किए जाने चाहिए।

ये कलाकार पहले ही दे चुके समर्थन

सोनाक्षी ने कहा कि बहादुरी सिर्फ गुस्सा जाहिर करने में नहीं, बल्कि धैर्य और शांतिपूर्ण संकल्प के साथ अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने में भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित पक्षों के बीच बातचीत शुरू होगी और सभी की बात सुनी जाएगी। इससे पहले कई फिल्मी हस्तियां जैसे शत्रुघ्न सिन्हा, ऋतिक रोशन, स्वरा भास्कर, शबाना आजमी, सोनी राजदान, अभय देओल, फातिमा सना शेख, नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक शाह ने भी सोनम वांगचुक के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया है।

ये भी पढ़ें - CJP Protest: जंतर मंतर से गायब होने की खबरों के बीच अचानक सामने आये अभिजीत दिपके, डाइनामाइट न्यूज़ पर किया बड़ा खुलासा

Location :  Mumbai

Published :  19 July 2026, 1:22 PM IST