
मिर्जापुर द मूवी (सोर्स- Pinterest)
New Delhi: ओटीटी पर धूम मचाने के बाद अब 'मिर्जापुर द मूवी' ने बड़े पर्दे पर भी अपना जलवा बिखेर दिया है। निर्देशक गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर इसका भौकाल टाइट है। हालांकि, अगर आपको लगता है कि यह फिल्म 8 साल पुरानी वेब सीरीज की ही एक और कड़ी है, तो आपकी यह सोच बिल्कुल गलत है। आइए जानते हैं उन 5 बड़े बदलावों के बारे में जो फिल्म को सीरीज से पूरी तरह अलग बनाते हैं।
अभिनेता अली फजल के खुलासे के मुताबिक, साल 2018 में आई वेब सीरीज के छठे-सातवें एपिसोड से इस फिल्म की कहानी को जोड़ा गया है। फिल्म की शुरुआत से ही यह साफ हो जाता है कि इस बार मामला सिर्फ कालीन भैया और गुड्डू पंडित की पुरानी अदावत का नहीं है, बल्कि पूरी मिर्जापुर की गद्दी का है। इस जंग में प्रदेश की सीमाओं से बाहर के बाहुबली भी कूद पड़े हैं, जिससे फिल्म का दायरा सीरीज के शुरुआती सीजन से काफी बड़ा हो गया है।
इस सिनेमाई वर्जन में कई जाने-माने कलाकारों को नए किरदारों में जोड़ा गया है। फिल्म में रवि किशन (बब्बन यादव), मोहित मलिक (बिरजू लौहार), सोनल चौहान (मुमताज बीवी) और सत्येंद्र सोनी (चंदू पंचर) अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। वहीं दूसरी ओर, वेब सीरीज के जाने-पहचाने चेहरे जैसे रऊफ लाला और पुलिस अधिकारी आरएस मौर्या को इस फिल्म फॉर्मेट से पूरी तरह दूर रखा गया है।
वेब सीरीज का सबसे बड़ा रोमांच गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की खूनी दुश्मनी थी। सीरीज के दूसरे सीजन में गुड्डू ने अपने अपनों की मौत का बदला लेने के लिए मुन्ना भैया को मार डाला था। लेकिन फिल्म में मेकर्स ने सबसे बड़ा ट्विस्ट देते हुए दोनों की दुश्मनी को भुलाकर अंत में उन्हें दोस्त के रूप में दिखाया है, जो दर्शकों के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज है।
साल 2018 से 2024 के बीच अमेज़ॅन प्राइम वीडियो पर आए तीन सीजनों के कुल 29 एपिसोड्स की लंबी दास्तान को इस फिल्म में समेटकर सिर्फ 3 घंटे का बना दिया गया है। निर्देशक गुरमीत सिंह ने कहानी को बिना भटकाए बिल्कुल 'कट-टू-कट' रखा है, ताकि थिएटर्स में दर्शकों का रोमांच और थ्रिल अंत तक बना रहे।
वेब सीरीज में गानों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ था, लेकिन फिल्म में मेकर्स ने म्यूजिक पर खास जोर दिया है। हरियाणवी गायक धंधा न्योलिवाला के मशहूर गाने 'दो नंबरी' और 'मारूती' ने सिनेमाघरों में अलग ही ऊर्जा भर दी है। इसके अलावा, लीजेंड्री नुसरत फतेह अली खान के आइकॉनिक गाने 'सांसों की माला' को भी फिल्म के लिए नए अंदाज में रीक्रिएट किया गया है।
Location : New Delhi
Published : 15 September 2026, 3:41 PM IST