रणबीर कपूर की Ramayana के सेट पर लगी भीषण आग, धुएं से घिरी Film City; VIDEO आया सामने

रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ के मुंबई फिल्म सिटी स्थित अस्थायी सेट पर सोमवार को आग लग गई। आग से आसपास के ‘पति पत्नी और पंगा 2’ और ‘MTV Hustle 5’ की शूटिंग भी प्रभावित हुई। घटना का वीडियो वायरल है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 5 October 2026, 8:35 PM IST

नई दिल्ली: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के सेट पर सोमवार को अचानक आग लग गई। मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित फिल्म सिटी में बने अस्थायी सेट पर आग लगने के बाद कुछ ही देर में वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और धुएं का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान आसपास चल रही दूसरी शूटिंग भी प्रभावित हुई।

शाम 4 बजे के बाद लगी आग

जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर को शाम करीब 4:02 बजे फिल्म सिटी में आग लगने की सूचना मिली। मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, यह आग गोरेगांव ईस्ट स्थित प्राइम फोकस स्टूडियो के पीछे बने एक अस्थायी सेट के पीसीआर यूनिट में लगी थी।

आग लगते ही मौके पर धुआं फैलने लगा और सेट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अस्थायी सेट से ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं।

ये भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले देवघर में हाई अलर्ट, DC-SP ने कसी कमर; AIIMS से हिंदुजा अस्पताल तक रहेगा खास इंतजाम

बिजली की वायरिंग और शूटिंग का सामान चपेट में

मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग बिजली की वायरिंग, इंस्टॉलेशन और केबल के साथ-साथ दरवाजों, लकड़ी के तख्तों, एसी यूनिट, बांस और प्लास्टिक के सामान तक सीमित रही। इसके अलावा साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़े कुछ सामान भी आग की चपेट में आए।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 4:55 बजे तक आग पर काबू पा लिया। घटना के बाद पुलिस, BMC वार्ड कंट्रोल और 108 एंबुलेंस सेवा को भी मौके पर भेजा गया।

‘रामायण’ के साथ इन शोज की शूटिंग भी हुई प्रभावित

आग की घटना का असर आसपास चल रही दूसरी शूटिंग पर भी पड़ा। रिपोर्टों के मुताबिक ‘पति पत्नी और पंगा 2’ और ‘MTV Hustle 5’ के सेट भी इसी इलाके में थे, जिसके कारण उनकी शूटिंग प्रभावित हुई।

शुरुआती जानकारी में आग के एक सेट से दूसरे हिस्से की ओर फैलने की बात कही जा रही है, हालांकि दोनों शोज के सेट को कितना नुकसान हुआ, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वायरल हुआ आग का वीडियो

घटना के बाद आग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें फिल्म सिटी के एक हिस्से से धुआं उठता और आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ के प्रशंसकों के बीच भी चिंता बढ़ गई।

हालांकि राहत की बात यह है कि मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह और नुकसान का विस्तृत आकलन अभी सामने आना बाकी है।

ये भी पढ़ें: UP Rajya Sabha Elections: हरदीप पुरी-बीएल वर्मा की उम्मीदवारी खारिज, रेस से बाहर होने के बाद अब आगे क्या?

Location :  mumbai

Published :  5 October 2026, 8:35 PM IST