Jolly LLB 3 के साथ वपास आ रही है ये हिट जोड़ी, कोर्ट में नोक-झोंक करती आएगी नज़र

‘जॉली LLB 3’ का टीज़र 12 अगस्त 2025 को रिलीज़ होने जा रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी दोनों ही अपने-अपने ‘जॉली’ किरदारों में लौट रहे हैं। इस बार दर्शकों को दो जॉली की टक्कर और जज त्रिपाठी की तगड़ी कॉमेडी देखने को मिलेगी।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 8 August 2025, 1:13 PM IST

Mumbai: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली LLB 3’ सुर्खियों में है और इस बार वजह है अक्षय कुमार और अरशद वारसी की साथ में वापसी। जी हां, इस फिल्म में दर्शकों को दोनों जॉली जगदीश त्यागी (अरशद वारसी) और जगदीश मिश्रा (अक्षय कुमार) एक साथ नजर आने वाले हैं।

फिल्म के मेकर्स ने 7 अगस्त को एक मजेदार वीडियो शेयर किया जिसमें जज त्रिपाठी (सौरभ शुक्ला) अपने पुराने अनुभवों को याद करते हुए दोनों जॉली की शरारतों का मजेदार किस्सा सुनाते हैं।

12 अगस्त को आएगा ‘जॉली LLB 3’ का टीज़र

वीडियो के माध्यम से यह ऐलान किया गया कि ‘जॉली LLB 3’ का टीज़र 12 अगस्त 2025 को रिलीज़ होगा। इस घोषणा वीडियो में जज त्रिपाठी एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज में दिखते हैं। वह दर्शकों से गुजारिश करते हैं कि उन्हें जज न किया जाए क्योंकि उन्होंने दोनों जॉली के चलते काफी झेला है।

जज त्रिपाठी के मजेदार तंज

जज त्रिपाठी पहले जॉली 1 यानी जगदीश त्यागी की बात करते हैं और कहते हैं कि वह गुस्सैल हैं और उनकी अंग्रेजी बेहद कमजोर है। उनके कारण त्रिपाठी की नींद उड़ गई थी और जान पर बन आई थी। फिर वो जॉली 2, यानी जगदीश मिश्रा का जिक्र करते हैं जिन्हें वे ‘बहुत ज़्यादा शरीफ’ बताते हैं। वो कहते हैं, “मिश्रा जी जैसे लोग शक्कर की तरह मीठे होते हैं, पर शुगर दे जाते हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि मिश्रा की वजह से उनकी पत्नी को दिल का दौरा तक पड़ा था।

अमृता राव की प्रतिक्रिया

इस वीडियो पर अमृता राव, जो कि फिल्म में अरशद वारसी की पत्नी संध्या के किरदार में हैं, ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "जॉली तो फैन है आपका, जज साहब! #JollyLLB3"
इस पोस्ट को फैन्स ने खूब पसंद किया और कमेंट्स में जमकर मजाकिया प्रतिक्रियाएं दीं।

फिल्म से जुड़ी खास जानकारी

‘जॉली LLB 3’ का निर्देशन कर रहे हैं सुभाष कपूर, जिन्होंने इस सीरीज की पहली दो फिल्मों को भी निर्देशित किया था। यह फिल्म 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। जहां पहले भाग में अरशद वारसी ने लीड भूमिका निभाई थी और दूसरे में अक्षय कुमार, वहीं इस बार दोनों की भिड़ंत देखने को मिलेगी।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 8 August 2025, 1:13 PM IST