Hina Khan Wedding: 13 साल के रिश्ते के बाद सिर्फ 15 मिनट में शादी, आखिर हिना ने क्यों लिया अचानक फैसला?

हिना खान और रॉकी जायसवाल ने 13 साल के रिश्ते के बाद 15 मिनट से भी कम समय में शादी की। कैंसर के इलाज के दौरान लिए गए इस अचानक फैसले और इसकी वजह का खुलासा हिना ने सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट में किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 1:43 PM IST

Mumbai: टीवी अभिनेत्री हिना खान और रॉकी जायसवाल की प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों करीब 13 साल से एक-दूसरे के साथ हैं, लेकिन उनकी शादी का फैसला बेहद अचानक हुआ। आमतौर पर शादी के लिए लंबी तैयारियां और कई दिनों के समारोह होते हैं, मगर इस कपल ने 15 मिनट से भी कम समय में विवाह कर लिया। हिना ने खुद एक पॉडकास्ट में इस खास फैसले के पीछे की वजह बताई है।

कैंसर के इलाज के दौरान हिना ने की शादी

टीवी शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अक्षरा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली हिना खान ने सानिया मिर्जा के पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि जब उन्हें स्टेज तीन ब्रेस्ट कैंसर का पता चला और उनका उपचार चल रहा था, उस मुश्किल दौर में रॉकी लगातार उनके साथ खड़े रहे। इसी दौरान दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। हिना के मुताबिक, यह पहले से तय योजना नहीं थी, बल्कि हालात के बीच लिया गया अचानक निर्णय था।

हिना ने रॉकी के सामने रखी थी दो टूक बात

हिना खान ने बताया कि उन्होंने रॉकी से साफ शब्दों में कहा था कि वह चाहें तो किसी और से शादी करके आगे बढ़ सकते हैं या फिर उनसे ही शादी कर सकते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, उस समय उन्हें भविष्य को लेकर कुछ पता नहीं था। बीमारी और अनिश्चितता के बीच उन्होंने रॉकी के सामने अपनी बात रखी। रॉकी इस फैसले के लिए तैयार हो गए और दोनों ने बिना लंबी तैयारियों के शादी कर ली।

केतन अग्रवाल मर्डर केस पर हिना खान का दर्द, बोलीं- आज सच बोलना भी बन गया है खतरा

15 मिनट से भी कम वक्त में पूरी हुई शादी

पॉडकास्ट में सानिया मिर्जा ने जब हिना से पूछा कि क्या सचमुच उनकी शादी सिर्फ 15 मिनट में हो गई थी, तो अभिनेत्री ने बताया कि इसमें इससे भी कम समय लगा था। हिना ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों के कारण उन्होंने जल्द शादी करने का फैसला लिया। दोनों ने इस पल को सादगी से खास बनाया। उनके लिए शादी की भव्य रस्मों से ज्यादा एक-दूसरे का साथ और साथ रहने का निर्णय मायने रखता था।

पहली सालगिरह भूल गईं थी हिना (Img- Instagram)

पहली वेडिंग एनिवर्सरी भी याद नहीं रही

हिना ने बातचीत में यह भी बताया कि शादी के बाद उनके रिश्ते में कुछ खास नहीं बदला। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें अपनी पहली शादी की सालगिरह तक याद नहीं रही। जून 2025 में शादी करने वाले इस कपल को एनिवर्सरी की याद तब आई, जब लोगों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू किया। हिना के मुताबिक, वे दोनों तारीखों को लेकर बहुत ज्यादा औपचारिक नहीं रहते और एक-दूसरे के साथ सहज हैं।

Hina Khan Wedding: हिना खान ने बॉयफ्रेंड रॉकी संग रचाई शादी, सोशल मीडिया पर छाईं वेडिंग फोटोज

रॉकी के साथ ने मुश्किल दौर में दी हिम्मत

रॉकी के बारे में बात करते हुए हिना भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि बीमारी और उपचार के कठिन समय में रॉकी ने उनका साथ नहीं छोड़ा। अभिनेत्री ने अपने पति के सहयोग और समर्थन को अपनी हिम्मत का बड़ा आधार बताया। दोनों की मुलाकात 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर हुई थी। वहीं से शुरू हुआ उनका रिश्ता लंबे समय बाद शादी तक पहुंचा।

Location :  Mumbai

Published :  1 November 2026, 1:43 PM IST