
युवराज हत्याकांड
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर से 6 सितंबर को लापता हुए सरिता विहार निवासी युवराज सिंह मनचंदा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, युवराज की पूर्व ऑफिस सहकर्मी अन्या वत्स और उसके साथी संयम सचदेवा को उत्तराखंड से पकड़ा गया है। दोनों आरोपियों को साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर युवराज की बहन हरसिमरन मनचंदा ने 11 सितंबर को लाजपत नगर थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान 16 सितंबर को परिवार को जानकारी मिली कि गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ है।
बादशाहपुर पुलिस ने शव की तस्वीर और अन्य जानकारी जिपनेट पोर्टल पर अपलोड की थी। शव के पास मिले सामान और तस्वीरों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान युवराज सिंह मनचंदा के रूप में की।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवराज 6 सितंबर को अपनी बहन के साथ लाजपत नगर के सेंट्रल मार्केट गया था। शाम करीब चार बजे उसने किसी मीटिंग की बात कहकर गुरुग्राम जाने की बात कही थी।
इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने युवराज के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) की जांच की।
जांच में पुलिस को पता चला कि युवराज की बातचीत अन्या वत्स नाम की युवती से हुई थी। उसके मोबाइल नंबर की लोकेशन उत्तराखंड में मिली।
इसके बाद पुलिस ने अन्या वत्स और उसके साथी संयम सचदेवा को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने युवराज की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को गुरुग्राम में उनके घर के पास एक नाले में फेंक दिया गया था।
दिल्ली पुलिस ने मामले में आगे की जांच के लिए गुरुग्राम पुलिस से भी संपर्क किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 18 September 2026, 10:52 AM IST
Topics : delhi crime news gurugram murder case lajpat nagar crime news south delhi police yuvraj singh murder case