
मौके पर पुलिस
पूर्वी दिल्ली: मयूर विहार इलाके में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। विधायक कुलदीप कुमार के कार्यालय के सामने दुर्गा मंदिर के पास एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पास की एक हाउसिंग सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने सुबह करीब 5 बजे दो लोगों को पीड़ित पर हमला करते देखा था। गार्ड के मुताबिक, दोनों आरोपी चाकू से वार कर रहे थे।
गार्ड ने हमलावरों को रोकने और पीड़ित को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर भी हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद गार्ड ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर घायल अवस्था में व्यक्ति मिला। इसके बाद परिजन घायल को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Location : New Delhi
Published : 6 September 2026, 9:06 AM IST
Topics : Delhi Police East Delhi Mayur Vihar murder stabbing