Deoria News: पति की प्रताड़ना से तंग मुस्लिम महिला पहुंची SP ऑफिस… बोली- ‘कमरे में बंद कर…

देवरिया में एक मुस्लिम महिला ने पति पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 May 2026, 7:06 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया में घरेलू प्रताड़ना से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम महिला ने पति पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय न मिलने से परेशान महिला आखिरकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और सुरक्षा के साथ कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़िता का आरोप है कि पति उसे लगातार मारता-पीटता है और तलाक की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है।

एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता

मामला देवरिया जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम नरौली खेम का है। पीड़िता जुबैदा खातून पत्नी जब्बार अंसारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी। महिला का आरोप है कि उसका पति जब्बार अंसारी, जिसकी पहली पत्नी का निधन हो चुका है, ने दूसरी शादी करते समय साथ निभाने का वादा किया था। लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से वह लगातार प्रताड़ना का शिकार हो रही है।

कमरे में बंद कर मारपीट का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे कमरे में बंद कर मारपीट करता है। कई बार खाना और पानी तक नहीं दिया जाता। महिला का कहना है कि उसके गृहस्थी का सामान और कपड़े तक घर से बाहर फेंक दिए गए। विरोध करने पर पति झगड़े और मारपीट पर उतारू हो जाता है।

बकरीद से पहले देवरिया में हाई अलर्ट… सड़कों पर उतरी पुलिस, फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

तलाक की धमकी देकर मानसिक प्रताड़ना

जुबैदा खातून ने आरोप लगाया कि पति बार-बार तलाक देने की धमकी देता है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना की वजह से अब उसके सामने खुद की सुरक्षा का भी संकट खड़ा हो गया है।

थाने और महिला थाना से नहीं मिली राहत

महिला ने बताया कि उसने पहले खुखुंदू थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद वह महिला थाने भी पहुंची, मगर वहां से भी राहत नहीं मिली। आखिरकार परेशान होकर वह सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।

देवरिया का नशा मुक्ति केंद्र सवालों के घेरे में; तीन दिन में दूसरी मौत, परिजनों का हंगामा

जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति और उसके परिजन उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। इसी डर की वजह से वह काफी डरी और सहमी हुई है। महिला ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Deoria

Published :  27 May 2026, 7:00 PM IST

Advertisement