
फूल तोड़ने गई महिला की करंट से मौत (IMG: Dynamite News)
Deoria: घर से फूल तोड़ने निकलीं करीब 50 साल की निर्मला देवी को क्या पता था कि कुछ ही देर में एक नीचे लटकता बिजली का तार उनकी जिंदगी छीन लेगा। रविवार सुबह लार थाना क्षेत्र के घारी वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया, जब बगीचे की तरफ फूल तोड़ने गई महिला बिजली के तार की चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में लार सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है, वहीं मोहल्लेवासियों का गुस्सा बिजली विभाग पर फूट पड़ा है।
मृतका की पहचान घारी वार्ड निवासी निर्मला देवी (50) पत्नी भरत ठाकुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह निर्मला देवी घर से फूल तोड़ने के लिए बगीचे की तरफ गई थीं। बताया जा रहा है कि बगीचे के पास बिजली का तार काफी नीचे लटक रहा था। तार बगीचे से जुड़े हिस्से के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान निर्मला देवी अनजाने में उसके संपर्क में आ गईं और देखते ही देखते करंट की चपेट में आ गईं।
निर्मला देवी के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास और बगीचे की तरफ खोजबीन करते हुए जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो निर्मला देवी जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद उनकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
निर्मला देवी अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। परिजनों के मुताबिक उनके तीन बेटों और बेटी की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा संतोष विदेश में नौकरी करता है। दूसरा बेटा मनोज सैलून की दुकान चलाता है। तीसरा बेटा रमेश उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है, जबकि चौथा बेटा जगदीप अभी अविवाहित है।
देवरिया के प्राइवेट अस्पतालों पर शिकंजा, 2 हॉस्पिटल सील, जानें क्यों लिया इतना बड़ा एक्शन?
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली के तार की स्थिति क्या थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Deoria
Published : 9 August 2026, 6:45 PM IST