रात 2 बजे आया मौत का तूफान! फतेहपुर में 100 KM की रफ्तार से चली हवाओं ने मचाई तबाही

फतेहपुर जिले में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। सिल्मी ग्राम पंचायत में छप्पर गिरने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति ठप हो गई और किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 May 2026, 3:52 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में आधी रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि कई गांवों में तबाही का मंजर दिखाई देने लगा। करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने घरों के छप्पर उड़ा दिए, पेड़ और बिजली के खंभे गिरा दिए और लोगों की जिंदगी को अचानक संकट में डाल दिया। सिल्मी ग्राम पंचायत में छप्पर गिरने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। तूफान के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

रात 2 बजे आया तूफान

फतेहपुर जिले में बीती रात करीब 2 बजे मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। तेज आंधी और बारिश के साथ चली तूफानी हवाओं ने कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगहों पर टीन शेड, छप्पर और पेड़ धराशायी हो गए। लोग रात में ही घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।

आसमान तक उठीं आग की लपटें… फतेहपुर के यार्ड में लगी भीषण आग से दहशत

छप्पर गिरने से बुजुर्ग की मौत

सिल्मी ग्राम पंचायत में तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां 65 वर्षीय त्रिवेणी प्रसाद के ऊपर अचानक छप्पर गिर पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रशासन ने भी घटना की पुष्टि की है। एडीएम विनय पांडेय ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के कारण यह हादसा हुआ।

कई लोग घायल

तूफान की चपेट में आकर चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। अढौली ग्रामसभा के धर्मेंद्र यादव का पैर टीन गिरने से गंभीर रूप से कट गया। उन्हें इलाज के लिए मंझनपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा किशनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में टीन शेड गिरने से रामू पाल घायल हो गए। वहीं रावतपुर गांव में दीवार गिरने से महेंद्र, आर्यन और पूनम घायल बताए गए हैं।

फतेहपुर में भाई बना कातिल, लाठियों से पीट-पीटकर छोटे भाई की हत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बिजली के खंभे गिरे

तेज तूफान की वजह से कई जगह बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए। धाता-हिनौता राज्यमार्ग पर बिजली का खंभा गिरने से घंटों यातायात बाधित रहा। पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में रातभर अंधेरा पसरा रहा।

किसानों को भारी नुकसान

तूफान और बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। परसिद्धपुर ग्रामसभा में कई किसानों के खेतों और ट्यूबवेल को नुकसान पहुंचा है। किसान बालचंद्र सिंह के ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर खंभा टूट गया। राजा यादव के घर के पास नीम का पेड़ गिरने से उनका ट्रैक्टर दब गया और बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया।

Location :  Fatehpur

Published :  29 May 2026, 3:52 PM IST