
मौके पर पुलिस
कानपुर: जनपद के सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा भैसोर गांव में युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है। वह कटरा भैसोर गांव में अपने सगे भाई मिन्चू के साथ रहता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोनू के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। घटनास्थल से पुलिस ने ईंटनुमा पत्थर भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
घर के बरामदे में खून से लथपथ शव मिलने की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
मौके पर जांच करती पुलिस
जानकारी के मुताबिक, सोनू मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने भाई मिन्चू के साथ रहता था, जबकि उनकी मां घाटमपुर में अपनी बेटी के पास थीं।
बताया जा रहा है कि सुबह सोनू की बहन ने घर पर फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई को फोन कर जानकारी लेने को कहा।
जब चचेरा भाई घर पहुंचा तो बरामदे में सोनू का रक्तरंजित शव पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी कोहराम मच गया।
घटना के समय सोनू का भाई मिन्चू मौके पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस उसकी भूमिका समेत हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 14 November 2026, 3:19 PM IST