
छात्रों के विवाद ने लिया हिंसक रूप (IMG: Dynamite News)
Badaun: बदायूं के एक इंटर कॉलेज में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। स्कूल परिसर में चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई और तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ छात्रों को देखकर स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य छात्र भी घबरा गए। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने अपने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एसएसपी अंकिता शर्मा खुद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
घटना बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित द्रौपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक स्कूल के भीतर छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिक्षक और कर्मचारी तुरंत घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
युवा, रोजगार, राम मंदिर से लेकर गोरखपुर तक… बदायूं में अखिलेश यादव के कई बड़े वार
पुलिस के मुताबिक इस मामले में प्रशांत गौतम (कक्षा-11) और कृष्णा ठाकुर (कक्षा-10) पर हमला करने का आरोप है। वहीं घायल छात्रों की पहचान सूर्या सोलंकी (14 वर्ष, कक्षा-9), आर्यन सोलंकी (16 वर्ष, कक्षा-10), निवासी मयखेड़ा, थाना उझानी, और भविष्य माथुर (14 वर्ष, कक्षा-10), निवासी लोची नगला के रूप में हुई है। तीनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करने के निर्देश दिए।
बदायूं में दर्दनाक हादसा, झाड़ू लगाते समय सांप ने डसा, 8 माह की गर्भवती महिला की मौत
घटना के बाद जिला अस्पताल और स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अगर स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो कोई छात्र धारदार हथियार लेकर परिसर के अंदर नहीं पहुंच सकता था।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुशल पाल शर्मा ने बताया कि घटना सामने आते ही घायलों को बिना देरी किए जिला अस्पताल भेजा गया और पुलिस को तुरंत सूचना दे दी गई। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेगा।
Location : Badaun
Published : 31 July 2026, 1:31 PM IST