मोबाइल चैट का खौफनाक अंत: महिला की हत्या कर शव के तीन टुकड़े किए, जौनपुर पुलिस एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी

वाराणसी की रहने वाली एक महिला की जौनपुर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला का गला काट दिया और पहचान छिपाने के लिए शव के तीन टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 July 2026, 4:00 PM IST

Jaunpur: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वाराणसी की रहने वाली एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की चैट को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव के तीन टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका की पहचान वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र के कोइलीपुर टिंकेडवा गांव निवासी 38 वर्षीय रेशमा खान उर्फ सना के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान गुजरात निवासी 42 वर्षीय हेमल खाखरिया उर्फ दिलीप के रूप में हुई है।

गुजरात हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: जानिए कैसे 18 साल बाद अहमदाबाद ब्लास्ट के दोषियों को अंजाम तक पहुंचाया गया

शव मिलने से मचा हड़कंप

रविवार सुबह मरियाहू क्षेत्र के रानीपुर बाईपास के पास सड़क किनारे एक काले पॉलीथीन बैग में महिला के शव का हिस्सा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान शव के अन्य हिस्से भी अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।

मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11:50 बजे सूचना मिली कि संदिग्ध मोटरसाइकिल से रामनगर क्षेत्र की ओर जा रहा है। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी कथित रूप से मृतका के शरीर का बचा हुआ हिस्सा ठिकाने लगाने जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 4 जुलाई को रेशमा को वाराणसी से मरियाहू स्थित अपने किराये के कमरे पर लेकर आया था। दोनों के बीच मोबाइल फोन की चैट को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में उसने महिला का गला काट दिया। घटना के बाद उसने बाजार से बड़े पॉलीथीन बैग खरीदे और धारदार हथियार से शव के तीन टुकड़े कर दिए। बाद में अलग-अलग जगहों पर शव के हिस्से फेंक दिए ताकि पहचान न हो सके।

पुलिस ने कई सामान किए बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे, चाकू, गड़ासा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और शव का बचा हुआ हिस्सा बरामद किया है। बरामद सामान को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

नौकरी दिलाने के बहाने हुई थी पहचान

पुलिस और परिजनों के अनुसार, आरोपी की मुलाकात करीब छह महीने पहले रेशमा से एक परिचित महिला के माध्यम से हुई थी। उसने रेशमा को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और रेशमा कई बार जौनपुर भी गई थी। रेशमा तीन बच्चों की मां थी। उसके पति रहीम खान ने बताया कि 4 जुलाई को उन्होंने खुद अपनी पत्नी को हरहुआ तक छोड़ा था, जहां से वह जौनपुर के लिए रवाना हुई थी। उसी रात उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया।

पति ने निष्पक्ष जांच की मांग की

मृतका के पति रहीम खान का आरोप है कि इस हत्या में केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। मामले की जांच जारी है।

Location :  Jaunpur

Published :  7 July 2026, 4:00 PM IST