
वाराणसी पुलिस को चुनौती (Img: AI)
Varanasi: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले को लेकर शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। आरोपी बनाए गए युवक के परिजनों ने बड़ी संख्या में चौबेपुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। युवक की मां के नेतृत्व में करीब 70 महिलाएं सुबह से दोपहर तक थाने के बाहर डटी रहीं और पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं साक्ष्यों के आधार पर जांच करने की मांग करती रहीं।
प्रदर्शन के दौरान आरोपी युवक काजू की नानी दुईजा देवी की अचानक तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें नरपतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Varanasi: आग ने मचाई तबाही! CNG पंप यार्ड हादसे की जांच में जुटी दिल्ली की टीम
आरोपी युवक की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि उनके परिवार का एक महिला से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते उनके बेटे करन को अपहरण और दुष्कर्म के मामले में साजिश के तहत फंसाया गया है। उनका कहना है कि उनके बेटे का घटना से कोई संबंध नहीं है और पुलिस ने वास्तविक तथ्यों की अनदेखी की है।
परिजनों का कहना है कि नाबालिग के लापता होने के बाद पुलिस ने करन और एक अन्य नाबालिग को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन बाद में दोनों को जेल भेज दिया गया। उनका आरोप है कि विवेचना के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्यों और बयानों को शामिल नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज धारा 164 के बयान सहित अन्य तथ्य वास्तविक घटनाक्रम को स्पष्ट कर सकते हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नाबालिग करीब 20 दिनों तक एक अन्य युवक के रिश्तेदारों के यहां रही, लेकिन इसके बावजूद निर्दोष युवकों को आरोपी बना दिया गया। उन्होंने पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
Varanasi: न्याय की आस में पहुंची महिला, लेकिन फिर हुआ कुछ ऐसा कि सुनवाई में मच गया हड़कंप
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की विवेचना एसीपी सारनाथ द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी साक्ष्य और तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, जबकि दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Varanasi
Published : 3 July 2026, 7:26 PM IST