
हाथरस में स्कूल बस और कंटेनर की जबरदस्त टक्कर (Img: Dynamite News)
Hathras: आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर सोमवार को सासनी क्षेत्र के गांव समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्कूल बस और कंटेनर की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, परिचालक और शिक्षण स्टाफ समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बीएलएस स्कूल की बस अलीगढ़ से स्टाफ और बच्चों को लेकर हाथरस की ओर आ रही थी। इसी दौरान समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने बस की कंटेनर से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें - Hathras News: आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दो बाइकों की भीषण टक्कर, दोनों चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे के बाद बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने मदद की। बस का इमरजेंसी गेट खोलकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गंभीर रूप से घायल चालक, परिचालक समेत छह स्टाफ सदस्यों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किए जाने की जानकारी है।
यह भी पढ़ें - Hathras: सासनी CHC में अचानक हुआ ऐसा प्रदर्शन, हार्ट अटैक से बचाव का तरीका देख जुटे मरीज-तीमारदार
दुर्घटना के कारण आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और कंटेनर को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया।
Location : Hathras
Published : 12 October 2026, 11:30 AM IST