Agra News: इंस्टाग्राम पर डरावने वीडियो और व्हाट्सएप पर धमकियां, शेफ की सनक ने ली लड़की की जान

आगरा में 5-स्टार होटल में ट्रेनिंग के दौरान संपर्क में आए एक शेफ की प्रताड़ना से तंग आकर 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवती पर जबरन दोस्ती का दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर उसने दवाओं का ओवरडोज ले लिया। पुलिस मोबाइल चैट और वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 July 2026, 2:27 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि पांच सितारा होटल में ट्रेनिंग के दौरान संपर्क में आया एक शेफ युवती पर दोस्ती का दबाव बना रहा था और लगातार उसे परेशान कर रहा था। इस मानसिक तनाव के चलते युवती अवसाद में चली गई थी। इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई और मंगलवार सुबह एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

होटल ट्रेनिंग के दौरान हुई थी मुलाकात

मामला एकता थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 24 वर्षीय युवती ने साल 2020 में होटल मैनेजमेंट का कोर्स पूरा किया था। इसके बाद उसने ताजगंज क्षेत्र स्थित एक पांच सितारा होटल में ट्रेनिंग की। इसी दौरान उसकी मुलाकात शेफ की ट्रेनिंग कर रहे एक युवक से हुई। युवती के भाई के अनुसार, बाद में बहन की नौकरी गुरुग्राम के एक होटल में लग गई, लेकिन आरोपी युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उस पर दोस्ती के लिए दबाव बनाने लगा।

मानसिक तनाव में नौकरी छोड़कर लौटी घर

परिजनों का कहना है कि युवक की हरकतों से परेशान होकर युवती मानसिक तनाव में रहने लगी। उसकी तबीयत बिगड़ने पर इलाज शुरू कराया गया। तनाव बढ़ने के बाद युवती नौकरी छोड़कर आगरा अपने घर लौट आई थी, लेकिन आरोपी ने उसे मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए परेशान करना जारी रखा।

Crime in UP: होटल में क्या हुआ? तीन युवकों संग गई युवती बंद कमरे में नग्न मिली बेहोश; रूह कंपा देगी हकीकत!

दवाओं की अधिक मात्रा खाने से बिगड़ी हालत

भाई के मुताबिक, करीब 12 दिन पहले युवती ने मानसिक तनाव में आकर अपनी दवाओं की अधिक मात्रा खा ली। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए, जहां से बाद में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मोबाइल चैट और वीडियो के आधार पर जांच

परिजनों ने युवती का मोबाइल देखने के बाद आरोप लगाया कि आरोपी शेफ ने इंस्टाग्राम और वाट्सएप पर खुद को नुकसान पहुंचाने से जुड़े वीडियो भेजे थे, जिससे युवती और अधिक अवसाद में चली गई। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मोबाइल व चैट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  1 July 2026, 2:27 PM IST

Advertisement