
DM से लगाई न्याय की गुहार (IMG: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी में लाखों रुपये की चोरी का मामला अब सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रह गया है। पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी होने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर में पूरे सामान का जिक्र नहीं किया। न्याय की उम्मीद लेकर अब पीड़ित जिलाधिकारी के दरबार पहुंचा है, जहां मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
मामला मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के कौआटांडा गांव का है। पीड़ित मृदुल सिंह चौहान ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 19 और 20 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
चार साल तक शादी का वादा, गर्भवती होते ही प्रेमी ने छोड़ा साथ! मैनपुरी की युवती की दर्दनाक कहानी
पीड़ित का दावा है कि चोर घर से करीब 30 तोला सोने के आभूषण, बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर और लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उनका कहना है कि यह परिवार की वर्षों की जमा पूंजी थी, जो एक ही रात में चोरी हो गई। घटना के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से काफी परेशान है।
मृदुल सिंह चौहान का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद बेवर थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 0396, दिनांक 20 जुलाई 2026 दर्ज की, लेकिन उसमें चोरी गए सभी आभूषणों और नकदी का पूरा विवरण शामिल नहीं किया गया। पीड़ित का कहना है कि कई महत्वपूर्ण जेवर और नकदी का उल्लेख एफआईआर से गायब है। उनका आरोप है कि इस वजह से उन्हें भविष्य में न्याय मिलने और चोरी गए सामान की बरामदगी में दिक्कत हो सकती है।
पुलिस की कार्यशैली से असंतुष्ट पीड़ित ने जिलाधिकारी मैनपुरी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि एफआईआर में चोरी गए सभी सामान का सही और पूरा विवरण दर्ज कराया जाए। साथ ही चोरी गए जेवरात और नकदी की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है। जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने संबंधित थाना पुलिस को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Location : Mainpuri
Published : 3 August 2026, 1:50 PM IST
Topics : DM Mainpuri fir Gold Theft mainpuri news Theft Case