Jaunpur Crime: सराफा दुकान के बाहर सो रहा था अधेड़, रात में सिर कूंचकर हत्या के बाद लाखों का माल साफ!

जौनपुर में सराफा दुकान के बाहर सो रहे अधेड़ की हत्या और दुकान में लूट की वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। बदमाशों ने पहले उदयराज यादव पर हमला किया और फिर दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 1:39 PM IST

Jaunpur: जौनपुर में रविवार देर रात सराफा दुकान में लूट और अधेड़ की हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। सिकरारा थाना क्षेत्र के भभौरी गोदाम बाजार में बदमाशों ने दुकान के बाहर सो रहे 50 वर्षीय उदयराज यादव के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। इसके बाद लकड़ी की किवाड़ तोड़कर दुकान में घुसे और सामान लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर खून के निशान मिलने से पुलिस भी हैरान है।

दुकान के बाहर सोता था उदयराज

भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव करीब 15 साल से गोदाम बाजार में रहता था। बताया जाता है कि वह रात में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के बरामदे में ही सो जाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह ज्यादा किसी से बातचीत नहीं करता था और कभी-कभी ही अपने घर जाता था। परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।

रविवार रात भी उदयराज दुकान के बाहर सो रहा था। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर खून फैला मिला, जबकि दुकान की दीवार पर भी खून के छींटे पाए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि विरोध या हाथापाई के दौरान वारदात हुई होगी।

ये भी पढ़ें- ‘गद्दी छोड़ो…’ के नारों से गूंजा मीरजापुर कलेक्ट्रेट, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

किवाड़ तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश

हत्या के बाद बदमाशों ने सराफा दुकान की लकड़ी की किवाड़ तोड़ दी। इसके बाद दुकान के अंदर दाखिल होकर सामान लूट लिया। सोमवार सुबह दुकान का दरवाजा टूटा मिलने पर बाजार में हड़कंप मच गया। भोर करीब तीन बजे घटना की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस अब लूटे गए सामान की कीमत का आकलन कर रही है। दुकान विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के नाम से है, जिसके संचालक खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ बताए गए हैं।

तीन टीमें जांच में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से भी फोर्स बुलाया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या और लूट दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- देवरिया में समूह सखियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, मानदेय बढ़ाने और स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने की भरी हुंकार

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

उदयराज चार भाइयों में था। उसके दो भाइयों अभयराज और छविराज की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका समेत परिवार के लोग घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के मुताबिक मामले में अभियोग दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने और लूटे गए सामान की बरामदगी में जुटी है।

Location :  Jaunpur

Published :  28 September 2026, 1:39 PM IST