तमाशा देखने और वीडियो बनाने वालों की अब खैर नहीं, बलरामपुर में महिला से बदसलूकी मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन

बलरामपुर में पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में एक युवक को धर दबोचा है। सोशल मीडिया पर महिला के साथ अमर्यादित बर्ताव का वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर 7 लोगों पर केस दर्ज किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 July 2026, 6:12 PM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में इंटरनेट पर महिला से अभद्रता का वीडियो प्रसारित करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जिसके तहत पहचान किए गए आरोपियों में से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी की हुई पहचान

पकड़े गए आरोपी की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के कटरा शंकर नगर निवासी कैफ के रूप में हुई है, जो महफुजुर्रहमान का बेटा है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे बर्रो माई मंदिर की तरफ जाने वाली कच्ची सड़क से घेराबंदी कर दबोच लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।

ये भी पढ़ें - Balrampur: मोमोज खाकर लौट रहे युवक पर क्यों टूटा दबंगों का कहर, जानिए कैसे सरेआम कानून-व्यवस्था की उड़ी धज्जियां

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

​इस संवेदनशील घटना की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैलने लगा। इस वीडियो में कुछ युवक एक महिला के साथ अमर्यादित बर्ताव करते नजर आ रहे थे, जबकि वहां मौजूद कुछ अन्य लोग इस पूरी घटना को रोकने के बजाय अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। बाद में इस वीडियो को इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया गया, जिससे महिला की गरिमा को गहरी ठेस पहुंची और आम लोगों में भी भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार को जब यह वीडियो व्यापक रूप से फैला तो मामले ने पूरी तरह तूल पकड़ लिया।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

​जैसे ही यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया, विभाग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तुरंत सख्त रुख अख्तियार किया। उपनिरीक्षक शिवम सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन वीडियो की सत्यता की पड़ताल की और उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली नगर में सात लोगों को चिन्हित कर मामला दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें - Balrampur News: एडमिशन के सफर को आसान बनाने के लिए आगे आई ABVP, MLK कॉलेज के गेट पर खुली स्पेशल Help Desk

आरोपी की किया गिरफ्तार

जिला पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में स्थानीय कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। उपनिरीक्षक शम्भू तिवारी, कन्हई प्रसाद, मुख्य आरक्षी विजय पाण्डेय, जयमंगल यादव और आरक्षी लक्ष्मण यादव व मोहम्मद शाहिद की इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी कैफ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस कृत्य में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Location :  Balrampur

Published :  12 July 2026, 6:12 PM IST