दो विधवाओं के आशियाने पर किसकी नजर? सरकारी शिक्षक पर जमीन कब्जाने का आरोप, पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में!

मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के महुगढ़ में दो विधवा महिलाओं ने जमीन विवाद में उत्पीड़न, सरकारी शिक्षक की कथित भूमिका और पुलिस पर धक्का-मुक्की व मोबाइल छीनने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं ने डीएम और एसपी से निष्पक्ष जांच और जमीन की सरकारी पैमाइश की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 11:43 AM IST

Mirzapur: जिनके कंधों पर कानून की रक्षा और आम लोगों को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी है, उन्हीं पर अगर बेबस महिलाओं को डराने-धमकाने के आरोप लगने लगें तो सवाल उठना लाजिमी है। मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के महुगढ़ गांव से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां दो विधवा महिलाएं अपनी जमीन पर मकान बनवाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोग उनके निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहे हैं।

महुगढ़ गांव में जमीन को लेकर विवाद

पूरा मामला हलिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुगढ़ का है। यहां रहने वाली सरातुन निशा पत्नी स्वर्गीय आशिक अली का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उनकी जमीन पर मकान निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। पीड़िता ने साबित अली पुत्र रज्जाक अली, जुनैद अली पुत्र साबित अली, कमरुद्दीन पुत्र रज्जाक अली और मोहम्मद रजा पुत्र हमीद अली पर परेशान करने और निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। सरातुन निशा का दावा है कि विपक्षी पक्ष में एक व्यक्ति सरकारी शिक्षक है, जो अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

छह इंच के पिलर और 20 फीट जमीन का विवाद

इस पूरे मामले की जड़ जमीन की सीमा को लेकर बताया जा रहा है। सरातुन निशा के मुताबिक, विपक्षी पक्ष का दावा है कि उनके मकान का पिलर छह इंच उनकी जमीन में बना हुआ है। वहीं पीड़िता का आरोप है कि दूसरी तरफ विपक्षियों ने उनकी करीब 20 फीट जमीन पर कब्जा कर रखा है। अब सवाल यह है कि जब दोनों पक्ष अपनी-अपनी जमीन का दावा कर रहे हैं तो आखिर सच्चाई सामने कैसे आएगी?

मीरजापुर में पुलिस का बड़ा एक्शन! 25 हजार का इनामी गांजा तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

पुलिस के सामने पिलर की सरिया मोड़ने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में 17 नवंबर 2026 की घटना का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि मोहम्मद रजा पुत्र हमीद अली ने पुलिस की मौजूदगी में निर्माणाधीन पिलर की लोहे की सरिया पर लात मारकर उसे मोड़ दिया। इस घटना को लेकर भी पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाए हैं। सरातुन निशा के अनुसार, 19 नवंबर की शाम करीब चार बजे पुलिस पहले विपक्षी पक्ष के घर पहुंची। पीड़िता का दावा है कि वहां चाय-नाश्ता करने के बाद पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और उन्हें फटकार लगाने लगे।

थाने में शिकायत के बाद भी नहीं मिला संतोष

पीड़िता के मुताबिक, 20 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे वह अपनी बुजुर्ग विधवा सास सहिबुन निशा के साथ हलिया थाने पहुंचीं। वहां उन्होंने अपनी शिकायत पुलिस को दी। हालांकि, उनका आरोप है कि थाने में उन्हें डराया-धमकाया गया और लिखित आवेदन लेने के बावजूद उसकी प्राप्ति रसीद या डायरी नंबर नहीं दिया गया। सरातुन निशा का कहना है कि उसी दिन शाम करीब सात बजे थाना प्रभारी उनके घर पहुंचे और विवादित स्थल का निरीक्षण किया।

दो विधवाओं की जमीन हड़पने के आरोप (IMG: Dynamite News)

डायल 112 के पहुंचने के बाद भी बढ़ा विवाद

सरातुन निशा ने 22 नवंबर की घटना का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, वह अपनी जमीन के दूसरे हिस्से में मकान निर्माण करा रही थीं, जिसे वह मौजूदा विवाद से अलग मानती हैं। इसी दौरान विपक्षियों ने डायल 112 पर सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कथित रूप से बिना कोई लिखित आदेश दिखाए निर्माण कार्य रोकने को कहा। पीड़िता का दावा है कि पुलिस के वहां से जाने के बाद उन्होंने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया।

बुजुर्ग विधवा से धक्का-मुक्की का आरोप

इस मामले में सबसे गंभीर आरोप 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की घटना को लेकर लगाए गए हैं। सरातुन निशा के मुताबिक, एक उपनिरीक्षक अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें डराया-धमकाया और उनकी बुजुर्ग विधवा सास सहिबुन निशा के साथ धक्का-मुक्की की। पीड़िता का दावा है कि जब उन्होंने मौके की घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उनका मोबाइल छीन लिया और रिकॉर्डिंग करने से रोक दिया।

बंद मकानों की रेकी, फिर ताला तोड़कर चोरी, मीरजापुर में 5 शातिर चोर गिरफ्तार; 7 लाख का माल बरामद

घटना के बाद बिगड़ी महिला की तबीयत

पीड़ित परिवार का कहना है कि 23 नवंबर की घटना के बाद बुजुर्ग सहिबुन निशा की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

एसपी और डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

लगातार विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर सरातुन निशा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मीरजापुर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पीड़िता चाहती हैं कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जमीन का विधिवत सीमांकन करे, ताकि दोनों पक्षों के दावों की सच्चाई सामने आ सके।

Location :  Mirzapur

Published :  24 November 2026, 11:43 AM IST