Unnao News: दवा लेने निकले थे दो मौसेरे भाई, रास्ते में डंपर ने छीन ली दोनों की जिंदगी; दो परिवारों के इकलौते चिराग बुझ गए

उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक नवविवाहित युवक और दूसरा कक्षा 8 का छात्र था। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 June 2026, 3:25 PM IST

Unnao: उन्नाव के पुरवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा दो परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया। पीलिया की दवा लेने घर से निकले दो मौसेरे भाइयों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। गोकुलपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गोकुलपुर मोड़ पर हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र के बेहटानथई गांव निवासी अभय प्रताप सिंह और सूर्यांश सिंह मौसेरे भाई थे। दोनों अपने नाना कमलेश सिंह के घर पर रह रहे थे। मंगलवार सुबह वे बाइक से पुरवा क्षेत्र में पीलिया की दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पुरवा कोतवाली क्षेत्र के गोकुलपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे मौरंग लदे अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

आधी रात काल बनी ड्राइवर की झपकी: उन्नाव में रेलिंग पर लटकी बेकाबू बस, नीचे गिरने से कई यात्री लहूलुहान

हादसे के बाद चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।

बेटे के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अभय प्रताप सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह ड्राइविंग कर परिवार का खर्च चलाता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके छह महीने का एक बेटा है। अभय की मौत के बाद उसकी पत्नी, माता-पिता और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि घर की सारी जिम्मेदारी अभय के कंधों पर थी और उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

परिवार की उम्मीद था सूर्यांश

दूसरे मृतक सूर्यांश सिंह भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह कक्षा 8 में पढ़ता था और पढ़ाई में अच्छा माना जाता था। परिवार को उससे भविष्य में बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने उन सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।

नशेड़ी से हुई लड़की की दोस्ती और फिर प्यार का हुआ खौफनाक अंत, पढ़ें हैरान करने वाली पूरी खबर

एक हादसे ने उजाड़ दिए दो परिवार

परिजनों के मुताबिक दोनों भाई दवा लेने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। जैसे ही घटना की सूचना गांव पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई।

Location :  Unnao

Published :  2 June 2026, 3:25 PM IST