ट्विशा शर्मा केस में सुप्रीम कोर्ट सख्त: मीडिया ट्रायल पर रोक, सॉलिसिटर जनरल बोले- ‘तलाक बेहतर था’

ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को मीडिया में बयानबाजी से बचने की सलाह दी है। कोर्ट ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश पर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की सराहना की। वहीं सॉलिसिटर जनरल के ‘तलाक बेहतर था’ बयान ने मामले को और चर्चा में ला दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 May 2026, 3:09 PM IST
google-preferred

New Delhi: ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले में मीडिया रिपोर्टिंग और सार्वजनिक बयानबाजी पर चिंता जताते हुए दोनों पक्षों से संयम बरतने को कहा। कोर्ट ने कहा कि कानून और प्रक्रिया के तहत जांच को आगे बढ़ने दिया जाए और किसी तरह का नैरेटिव बनाने से बचा जाए।

दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश की सराहना

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश हाई कोर्ट द्वारा ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने के लिए तत्काल आदेश देने की सराहना की। अंतिम संस्कार से पहले दिल्ली एम्स की मेडिकल टीम ने भोपाल एम्स में दूसरा पोस्टमार्टम किया। कोर्ट ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाएगी।

सरकार ने सीबीआई जांच की दी जानकारी

मध्यप्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया के हस्तक्षेप की वजह से ही मामले में काफी प्रगति हुई है। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बेहतर है कि बेटी का तलाक हो जाए।”

12 मई को मिला था शव

33 वर्षीय पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला था। इस मामले ने पूरे देश का ध्यान खींचा, क्योंकि ट्विशा के पति समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि उनकी सास गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला जज रह चुकी हैं।

Twisha Sharma Death Case: AIIMS टीम भोपाल पहुंची, होगा दूसरा पोस्टमार्टम

परिवार को न्याय की उम्मीद

ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा कि उनकी बेटी परिवार की देखभाल मां की तरह करती थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वत: संज्ञान लिए जाने को न्याय की उम्मीद बताया। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  25 May 2026, 3:09 PM IST

Advertisement