
मौके पर मौजूद लोग
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना विद्यासागर रेलवे स्टेशन और मदनकट्टा स्टेशन के बीच डाउन लाइन की है। रेलवे के पेट्रोलिंग कर्मियों ने पोल संख्या 271/4 और 271/6 के बीच दोनों के शव देखे और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। मृतकों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगेचिंगो गांव निवासी रघुनाथ मंडल के छोटे बेटे रॉकी मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है।
घटनास्थल के पास नवनिर्मित पानी की टंकी के नजदीक एक अपाचे बाइक (नंबर जेएच 21पी 8016) खड़ी मिली। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके मालिक का पता लगाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और दोनों की पहचान हो सकी।
जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन, जूते-चप्पल और एक सोने का लॉकेट भी मिला है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रॉकी मंडल और नाजिया खातून के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। दोनों के अलग-अलग समुदायों से होने के कारण करीब दो वर्ष पहले ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। बताया जाता है कि पंचायत में दोनों को अलग रहने का फैसला सुनाया गया था और लड़के के पक्ष पर जुर्माना भी लगाया गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसके बाद नाजिया के परिजनों ने करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी ईदगाह मोड़ क्षेत्र में कर दी थी। हालांकि, शादी के बाद भी उसका मायके आना-जाना जारी था और रॉकी से संपर्क बने रहने की बात कही जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव मिलने की घटना के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Jharkhand
Published : 24 October 2026, 12:52 PM IST