हिंदी
पुलिस गिरफ्त में निदा खान
Nashik: नासिक के चर्चित कथित धर्मांतरण मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बेहद गोपनीय ऑपरेशन चलाकर उसकी लोकेशन ट्रैक की और कई दिनों तक सादे कपड़ों में निगरानी करने के बाद कार्रवाई की। मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
महाराष्ट्र के चर्चित टीसीएस कथित धर्मांतरण मामले में फरार चल रही मुख्य आरोपी निदा खान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह छत्रपति संभाजीनगर के नरेगांव इलाके की कैसर कॉलोनी में एक किराए के फ्लैट में छिपी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, निदा पिछले तीन-चार दिनों से वहीं रह रही थी। उसके साथ उसके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। पुलिस को मई के पहले सप्ताह में उसकी मौजूदगी की अहम जानकारी मिली, जिसके बाद निगरानी बढ़ा दी गई।
पुलिस बिना पुख्ता सबूत के कार्रवाई नहीं करना चाहती थी। इसलिए तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के जरिए उसकी मौजूदगी की पुष्टि की गई।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली थी कि निदा खान कुछ वकीलों से संपर्क में थी और हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रही थी। पुलिस को आशंका थी कि अगर उसे कानूनी राहत मिल गई तो गिरफ्तारी मुश्किल हो सकती है।
इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस ने बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को इलाके में तैनात किया गया, लेकिन किसी ने वर्दी नहीं पहनी। सभी अधिकारी आम लोगों की तरह इलाके में घूमते रहे ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने सरकारी वाहनों का इस्तेमाल भी नहीं किया। करीब तीन से चार दिनों तक लगातार निगरानी के बाद सही समय देखकर अचानक कार्रवाई की गई और निदा खान को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद गुरुवार देर रात निदा खान को सुतगिरनी चौक स्थित न्यायिक अधिकारी के सरकारी आवास पर पेश किया गया। वहां से नासिक पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और विशेष वाहन से उसे नासिक ले जाया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, निदा खान 2021 से Tata Consultancy Services (TCS) में प्रोसेस एसोसिएट के तौर पर काम कर रही थी। मामले में नाम सामने आने के बाद उसे पिछले महीने निलंबित कर दिया गया था।
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि आरोपी कुछ कर्मचारियों को धार्मिक रूपांतरण के लिए प्रभावित करने का प्रयास कर रही थी। आरोप है कि उसने कुछ लोगों को इस्लामिक धार्मिक सामग्री, किताबें और वीडियो भेजे थे।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
Location : Nashik
Published : 8 May 2026, 3:43 PM IST
Topics : conversion mastermind Nida Khan Police Action TCS