
पूर्व AAP विधायक नरेश बाल्यान (Img X)
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को करीब दो साल बाद सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज मामले में बाल्यान को जमानत दे दी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने बाल्यान को मुकदमे की सुनवाई में पूरा सहयोग करने का भी निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली बाल्यान की याचिका पर सुनवाई की। बाल्यान की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने दलील दी कि उनके मुवक्किल राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हुए हैं और करीब दो वर्षों से जेल में बंद हैं।
वहीं, दिल्ली पुलिस के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए दावा किया कि बाल्यान एक संगठित अपराध सिंडिकेट का हिस्सा थे, जिसके खिलाफ 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नरेश बाल्यान पर गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू द्वारा कथित तौर पर संचालित अपराध सिंडिकेट की मदद करने का आरोप है। इसी मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने तीन अगस्त को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
हाईकोर्ट ने बाल्यान और गैंगस्टर के बीच हुई बातचीत को कथित आपराधिक गठजोड़ का संकेत माना था। अदालत ने बाल्यान की राजनीतिक प्रतिशोध और खुद पीड़ित होने संबंधी दलीलों को भी स्वीकार नहीं किया था।
नरेश बाल्यान को चार दिसंबर 2024 को मकोका मामले में गिरफ्तार किया गया था। खास बात यह है कि उसी दिन एक निचली अदालत ने उन्हें जबरन वसूली से जुड़े एक अन्य मामले में जमानत दी थी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने आदेश में उल्लेख किया था कि संबंधित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ 17 एफआईआर दर्ज हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ बाल्यान ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। शीर्ष अदालत अगस्त में उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत हुई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है। हालांकि, जमानत मिलने का मतलब आरोपों से बरी होना नहीं है। मामले में मुकदमे की कार्यवाही जारी रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 27 November 2026, 12:41 PM IST