
गोरखपुर में STF की बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्टल, दो देसी तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। STF ने यह कार्रवाई बिहार और उत्तर प्रदेश में फैले हथियार तस्करी नेटवर्क पर लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर की।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन शर्मा, सौरभ शुक्ला उर्फ नितीश और मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में गोरखपुर में रहकर गतिविधियां संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की पिस्टल, एक मैगजीन, दो 12 बोर के तमंचे, .32 बोर के 10 जिंदा कारतूस, 12 बोर के चार कारतूस, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ₹2,800 नकद बरामद किए गए। बरामद हथियारों को जांच के लिए भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार के सीवान जिले से अवैध हथियार खरीदकर गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी बिहार में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। एक आरोपी को वर्ष 2025 में भी अवैध हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसटीएफ लखनऊ को अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह की सूचना मिलने के बाद गोरखपुर फील्ड यूनिट को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बिहार एसटीएफ से समन्वय स्थापित कर सूचना का सत्यापन किया गया और इसके बाद गोरखपुर के तिराहा क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद में इस्तीफे से क्या लौटेगा श्रद्धालुओं का भरोसा? सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गोरखपुर के थाना शाहपुर में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 June 2026, 1:36 PM IST