
पटियाला हाउस कोर्ट (IMG: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित अंतरराष्ट्रीय कोकेन तस्करी नेटवर्क से जुड़े आरोपी ऋषभ बसोया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ बसोया को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से गिरफ्तार किया गया। वह विदेश में था और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद भारत लाया गया। अब उसे मंगलवार दोपहर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल की सूचना के आधार पर ऋषभ बसोया को अबू धाबी में पकड़ा गया था। इसके बाद उसे भारत लाया गया और मंगलवार सुबह IGI एयरपोर्ट पहुंचने पर स्पेशल सेल की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड मांगने की तैयारी में है।
ऋषभ बसोया के पिता वीरेंद्र सिंह बसोया को भी इसी कथित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट मामले में मुख्य आरोपी बताया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले वीरेंद्र बसोया को अबू धाबी में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उसे भारत लाया गया, जहां एनसीबी की मुंबई जोन ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपने मामले में पूछताछ के लिए उसे दिल्ली लाया। पूछताछ के बाद उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
यह मामला अक्टूबर 2024 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से किए गए एक बड़े ड्रग सिंडिकेट के भंडाफोड़ से जुड़ा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान दिल्ली, हापुड़, गाजियाबाद और गुजरात के अंकलेश्वर में छापेमारी की गई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में 1,300 किलोग्राम से अधिक कोकेन बरामद की गई थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13,000 करोड़ रुपये बताई गई थी।
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, ऋषभ बसोया ब्रिटेन में था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) और लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए गए थे। हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने उसे भारत लौटने की अनुमति देने के लिए इन प्रतिबंधों को सीमित तौर पर निलंबित किया था। हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया था कि भारत लौटने पर उसे कानूनी कार्रवाई से कोई सुरक्षा नहीं मिलेगी। भारत पहुंचते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Location : New Delhi
Published : 15 September 2026, 12:21 PM IST
Topics : Cocaine Syndicate Delhi Police Special Cell drug smuggling case Patiala House Court Rishabh Basoya Arrest