उधार शराब देने से मना किया तो मचाया हंगामा… सोनभद्र में दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, CCTV में कैद हुई दबंगई

सोनभद्र में शराब की दुकान पर उधारी में शराब न देने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। आरोप है कि दबंगों ने दुकान में घुसकर सेल्समैन के साथ बदसलूकी की और धमकी देकर फरार हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 July 2026, 2:50 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव में एक शराब की दुकान पर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार में शराब देने से मना करने पर कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर जमकर हंगामा किया। सेल्समैन के साथ मारपीट, गाली-गलौज और दुकान में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है।

इस पूरी घटना का वीडियो दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

दुकान में घुसकर की मारपीट और तोड़फोड़

जानकारी के मुताबिक, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर यह घटना हुई। दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन त्रिपुर सिंह, निवासी कैथी, ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, 14 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और उधार में शराब मांगने लगे। जब सेल्समैन ने उधार देने से इनकार किया तो आरोप है कि आरोपी भड़क गए और दुकान में घुसकर मारपीट करने लगे।

ये भी पढ़ें- यूपी के मकान मालिकों की बढ़ी टेंशन! 15 साल बाद हाउस टैक्स पर होने जा रहा बड़ा फैसला

आरोप है कि उन्होंने दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया और सेल्समैन के साथ गाली-गलौज भी की। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

CCTV फुटेज बना पुलिस के लिए अहम सबूत

घटना के बाद जब CCTV फुटेज सामने आया तो मामले ने और तूल पकड़ लिया। दुकान में लगे कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। पुलिस अब इसी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज में दिखाई दे रही गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- सिर्फ कागजों पर चल रहा स्वच्छ भारत अभियान? सरहनखुर्द गांव की ये तस्वीरें खोल रही हैं दावों की पोल

दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में बादल सिंह और दिलीप पटेल के नाम शामिल हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  17 July 2026, 2:50 PM IST