
भटवलिया चौराहे पर वाहनों की जांच (Source: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए बुधवार को यातायात पुलिस ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चले इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 174 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया।
यातायात पुलिस ने भटवलिया चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, बाइक पर तीन सवारी बैठाने वाले और फाल्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
सिविल लाइन रोड पर यातायात पुलिस ने बस चालकों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान एक बस चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में भी यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। यहां नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन खड़ा करने की चेतावनी दी।
जस्टिस यशवंत वर्मा कैश कांड: लोकसभा में पेश हुई जांच रिपोर्ट, तीनों आरोप पाए गए सही
देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर यातायात पुलिस ने इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन की मदद से वाहनों की गति की जांच की। निर्धारित सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य तेज रफ्तार के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकना है।
अभियान के दौरान 174 वाहनों का चालान और दो वाहनों को सीज किया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
Location : Deoria
Published : 12 August 2026, 4:18 PM IST
Topics : Tags: Deoria News Traffic police UP News