सीतापुर में आधी रात SP की बड़ी बैठक, पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी; इन मामलों पर रहेगा खास फोकस

सीतापुर में एसपी अंकुर अग्रवाल ने आधी रात मासिक अपराध गोष्ठी कर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। लंबित मामलों के खुलासे, अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, साइबर ठगी, यातायात नियमों और जनशिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। जानिए, बैठक में पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताएं क्या रहीं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 October 2026, 10:14 AM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार की आधी रात करीब 12 बजे एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस लाइन स्थित दधीचि सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी की। इस बैठक में लंबित आपराधिक मामलों से लेकर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था तक की समीक्षा की गई। एसपी ने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लंबित मामलों के जल्द खुलासे के निर्देश

मासिक अपराध गोष्ठी में डकैती, लूट, छिनैती, हत्या, नकबजनी, चोरी और वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराधों की समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का जल्द खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

संगठित अपराध पर कार्रवाई, अपराधियों की संपत्ति पर नजर

एसपी अंकुर अग्रवाल ने संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। चिह्नित अपराधियों की संपत्ति जब्त कराने और पुरस्कार घोषित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए यक्ष ऐप पर उनके भौतिक सत्यापन, गांव-मोहल्लों की फीडिंग और नए हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रगति की समीक्षा की गई।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर विशेष जोर

बैठक में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला सुरक्षा के उपायों की समीक्षा हुई। एसपी ने एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखने और महिला हेल्पडेस्क पर आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराध के मामलों में ठगी की रकम पीड़ितों को वापस कराने, सीईआईआर पोर्टल की मदद से खोए मोबाइल फोन बरामद करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने को कहा गया। इन निर्देशों का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ पीड़ितों को समय पर राहत दिलाना है।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर विशेष जोर (Source: Dynamite News)

सड़क हादसों पर रोक लगाने की तैयारी

सीतापुर को जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट बनाने के प्रयासों के तहत ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और अवैध कटों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसपी ने स्पीड लेजर गन और ब्रेथ एनालाइजर का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

जनसुनवाई में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

एसपी ने थाना और पुलिस कार्यालयों में जनसुनवाई के दौरान पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए। आईजीआरएस और शिकायत प्रार्थना पत्रों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े।

Location :  Sitapur

Published :  28 October 2026, 10:14 AM IST