
छप्पर के नीचे मिले दोनों के शव (Source: Dynamite News)
Sitapur: शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। शुक्रवार रात युवती अपने प्रेमी से मिलने उसके घर के पास बनी बैठक में पहुंची थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह गांव में ऐसा मंजर देखने को मिलेगा, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। शनिवार सुबह छप्परनुमा बैठक के नीचे प्रेमी और उसकी शादीशुदा प्रेमिका के शव फंदे से लटके मिले। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मामला रेउसा थाना क्षेत्र के अमलोरा गांव का है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने छप्पर के नीचे दो शव लटके देखे तो शोर मच गया। कुछ ही देर में दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अमलोरा गांव निवासी दिलीप शुक्ला (22) पुत्र रामकुमार मिश्र का गांव की ही रुचि कुमारी रावत (20) पुत्री प्यारेलाल से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के घरों की दूरी करीब 50 मीटर बताई जा रही है। दिलीप अपने पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था, जबकि रुचि के पिता भी खेतीबाड़ी करते हैं।
बताया जाता है कि दोनों के प्रेम संबंध से रुचि के परिजन सहमत नहीं थे। करीब छह महीने पहले उसकी शादी दूसरे युवक से कर दी गई थी। हालांकि, शादी के बाद भी दिलीप और रुचि के बीच बातचीत और संपर्क बना रहा।
परिजनों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के अवसर पर रुचि मायके आई थी। इसके बाद से वह अपने मायके में ही रह रही थी। इस दौरान दिलीप और रुचि की कई बार मुलाकात भी हुई थी।
बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे रुचि दिलीप से मिलने उसके घर के पास बनी बैठक में गई थी। दिलीप रात में उसी छप्परनुमा बैठक में सोया था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव वहां देखे।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर रेउसा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Sitapur
Published : 14 November 2026, 11:08 AM IST