Sitapur News: बारिश बन गई काल! अचानक गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर 52 साल की महिला की मौत

सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से 52 वर्षीय ब्रजरानी की मौत हो गई। महिला मलबे में दब गई थीं। ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 3 September 2026, 2:18 PM IST

Sitapur: कमलापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ज्योतिशाह आलमपुर गांव में एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।

अचानक गिरी दीवार, मलबे में दब गई महिला

जानकारी के अनुसार ज्योतिशाह आलमपुर निवासी मायाराम पुत्र गोकुल के घर की कच्ची दीवार गुरुवार सुबह करीब नौ बजे बारिश के दौरान अचानक गिर गई। बताया गया कि मायाराम की पत्नी ब्रजरानी (52) उस समय घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। महिला मलबे में दब गईं।

ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला को मलबे में दबा देखकर ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर ब्रजरानी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही कमलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार महिला का शव घर पर रखा गया था और पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना एसडीएम सिधौली को भी दे दी गई है।

लगातार बारिश से बढ़ा खतरा

लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों और कमजोर दीवारों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों में भी इसे लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में जर्जर मकानों की स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है और समय रहते इनकी पहचान जरूरी है।

2027 में पूर्वांचल से मिलेगी प्रचंड जीत! जानिए देवरिया में सपा नेता ने क्यों कहा- बनेगी बहुमत की सरकार

परिवार को मदद की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों का सर्वे कराने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बारिश के बीच हुए इस हादसे ने गांव में भी लोगों को चिंता में डाल दिया है।

Location :  Sitapur

Published :  3 September 2026, 2:18 PM IST