
करंट लगने से कलाकार की मौत (IMG: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के टिकरा गांव में भागवत कथा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कथा में झांकी प्रस्तुत करने आए हरदोई निवासी 30 वर्षीय कलाकार मोहित कुमार की मोबाइल चार्ज करने के लिए तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद कथा स्थल पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिश्रिख लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, हरदोई जिले के गजाधरपुर गांव निवासी मोहित कुमार पुत्र राजेंद्र टिकरा गांव में आयोजित भागवत कथा में झांकी प्रस्तुत करने आए थे। कथा के दौरान मोबाइल चार्ज करने के लिए तार लगाने के समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सीतापुर नगर पालिका में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: तत्कालीन ईओ पर निलंबन की संस्तुति
घटना की सूचना मिलने पर मिश्रिख कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिश्रिख कोतवाली प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि कलाकार को करंट लगने की सूचना मिली थी। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।
भागवत कथा में झांकी प्रस्तुत करने आए कलाकार की अचानक मौत से आयोजन स्थल पर मातम छा गया। जिस कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन और श्रद्धा का माहौल था, वहां हादसे के बाद अफरातफरी फैल गई। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 16 October 2026, 1:45 PM IST