
प्रतीकात्मक छवि (फोटो: Pinterest)
Siddharthnagar: डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चक मझारी गांव निवासी 22 वर्षीय शमशेर मुंबई में मजदूरी करता था। वहीं उसकी पहचान संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के दसया गांव निवासी एक व्यक्ति के परिवार से हुई। इसी दौरान उसकी दोस्ती उस परिवार की बेटी मुफीदन (20) से हो गई। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। बाद में दोनों ने परिवारों की सहमति से 1 जून को निकाह कर लिया और साथ रहने लगे।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच विवाद और कहासुनी होने लगी थी। हालांकि परिवार के लोग मामले को आपसी विवाद मानकर शांत कराने की कोशिश कर रहे थे।
यहां भी पढ़ें: Siddharthnagar Helicopter Rescue Update: सेना के हेलिकॉप्टर ने पानी की टंकी पर फंसे किशोरों को सुरक्षित निकाला
बताया जा रहा है कि 13 जुलाई को शमशेर ने डुमरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि उसकी पत्नी 11 जुलाई से लापता है। पुलिस ने गुमशुदगी के आधार पर मामले की जांच शुरू की। इसी बीच युवती की मां को बेटी के अचानक गायब होने पर संदेह हुआ। उन्होंने अपनी बेटी की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए दामाद, उसके पिता और सास के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियां दिखाई दीं। इसके बाद खुदाई कराई गई तो घर के भीतर जमीन में दफन युवती का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि शव को करीब छह फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यहां भी पढ़ें: Siddharthnagar: मारपीट में घायल युवक ने दम तोड़ा, ग्रामीणों के साथ परिजनों ने किया प्रदर्शन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
Location : Siddharthnagar
Published : 15 July 2026, 4:23 PM IST