
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या (Image: X)
Shamli: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी गायक और कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार चार बदमाशों ने अंकित पर करीब 20 राउंड फायरिंग की। हमले में करीब आठ गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बाबरी थाना क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय अंकित बालियान पुत्र सत्यवीर फौजी बुधवार शाम करीब 4:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी स्थित नाला पटरी के पास एक जिम पहुंचे थे।
शाम करीब 6:48 बजे जैसे ही वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे, तभी बाइक सवार चार बदमाश मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बदमाशों ने करीब दो मिनट तक लगभग 20 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान करीब पांच गोलियां अंकित की स्कॉर्पियो में लगीं, जबकि लगभग आठ गोलियां उन्हें लगीं।
फायरिंग के बाद अंकित सड़क किनारे नाली के पास गिर गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 200 मीटर तक पैदल भागे और फिर फरार हो गए।
वारदात के बाद घटनास्थल पर खून, कारतूस के खोखे और अंकित का मोबाइल फोन पड़ा मिला। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कुछ समय तक लोग घरों और दुकानों से बाहर निकलने से भी बचते रहे।
बताया गया कि जिस जिम में अंकित गए थे, वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
Shamli Encounter: 75 हजार का अंतरराज्यीय हिस्ट्रीशीटर मिथुन ढेर, एक पुलिसकर्मी घायल
घटना से आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने शहर की वर्मा मार्केट के पास शव सड़क पर रखकर देर रात तक प्रदर्शन किया और जाम लगाया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर में पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में चुनावी रंजिश और हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े विवाद समेत कई बिंदुओं को शामिल किया गया है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
Location : Shamli
Published : 26 August 2026, 9:23 PM IST