हिंदी
आरोपी दंपति
Santkabirnagar: संतकबीर नगर में शेयर मार्केट में शर्तिया मुनाफा दिलाने का सपना दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले दंपती के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। साइबर थाना और महुली पुलिस की संयुक्त टीम ने लखनऊ, गोरखपुर और संतकबीरनगर स्थित आधा दर्जन दफ्तरों पर छापेमारी कर लाखों रुपये का सामान जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य की किया सोनेट टॉप मॉडल कार, लैपटॉप, आलमारी, मेज, कुर्सियां, कार्यालयी उपकरण और अहम दस्तावेज कब्जे में ले लिए। यह कार्रवाई ठगी के मास्टरमाइंड धनंजय शुक्ला और उसकी पत्नी रजनी प्रजापति की निशानदेही पर की गई।
पुलिस टीम ने लखनऊ के काकोरी, संतकबीरनगर के विधियानी और महुली के विश्वनाथपुर, साथ ही गोरखपुर के सहजनवां और गीडा स्थित कार्यालयों में गहन तलाशी ली। जांच के दौरान वहां मौजूद फर्नीचर, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।
जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपती कभी लखनऊ तो कभी गोरखपुर स्थित ऑफिस-कम-आवास में रहते थे। दोनों की जीवनशैली बेहद आलीशान थी और वे लग्जरी कार से सफर करते थे। पुलिस को उम्मीद है कि जब्त किए गए लैपटॉप की जांच से पूरे गिरोह के नेटवर्क, ठगी की रकम और अन्य संपत्तियों की जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस जांच में दंपती के छह बैंक खाते सामने आए हैं। इनमें चार खाते टीवीएस सॉल्यूशन फर्म के नाम पर जबकि एक-एक खाता धनंजय और रजनी के व्यक्तिगत नाम से संचालित था। ये खाते HDFC Bank, Punjab National Bank और Axis Bank में खोले गए थे। पुलिस के मुताबिक खातों में जमा ठगी की रकम पहले ही निकाली जा चुकी थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दंपती ने लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित बैली गार्डन में करीब 90 लाख रुपये का मकान खरीदा था। फिलहाल पुलिस ने बैंक खातों में लेनदेन पर रोक लगा दी है और चल-अचल संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Location : Sant Kabir Nagar
Published : 24 May 2026, 3:33 PM IST